ताज़ा खबरें
सेना पर विवादास्पद टिप्पणी मामले में सांसद राहुल गांधी अदालत में तलब
यूपी की 'डबल इंजन' सरकार कर रही है डबल ब्लंडर: अखिलेश यादव

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगरीय निकाय चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत अयोध्या से करते हुए मंगलवार को सभा में 'जय जय श्रीराम' का उद्घोष कर प्रखर हिन्दुत्व का संदेश दे दिया। योगी ने भाषण का समापन करते हुए कहा, 'अपनी वाणी को देता हूं विराम, जय जय श्रीराम।' उनके यह कहते ही सभा में मौजूद लोग भी जय श्रीराम के नारे लगाने लगे।

राजनीतिक प्रेक्षक मानते हैं कि राज्य में 653 नगर निकाय हैं, लेकिन योगी ने प्रचार अभियान की शुरुआत यहां से कर यह संदेश दे दिया कि अयोध्या के प्रति भाजपा और उनकी सरकार काफी गंभीर है। कुछ लोग इसे हिन्दुत्व से भी जोड़कर देख रहे हैं।

अयोध्या के ही रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र प्रताप सिंह का कहना है कि भाजपा अयोध्या मुद्दे को सुर्खियों में बनाये रखना चाहती है, इसीलिये उसके कई नेता मौका मिलते ही राम या राम मंदिर निर्माण के सम्बन्ध में बोलने लगते हैं।

योगी ने कहा कि अयोध्या के कारण ही देश दुनिया में दीपावली की शुरुआत हुई, लेकिन अयोध्या में ही यह त्यौहार समाप्ति की कगार पर था। उन्होंने तय किया था कि इस बार दीपावली में उनकी पूरी सरकार अयोध्या में रहेगी।

इसका पालन करने के साथ ही 135 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया गया। निकाय चुनाव के बाद और योजनायें शुरु की जायेंगी। उन्होंने कहा कि सात पवित्र नगरी में पहली पुरी के रुप में जानी जाने वाली अयोध्या को अन्तरार्ष्ट्रीय पहचान दिलाया जायेगा और इसके लिये उसी के अनुरुप विकास किया जायेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकायों में 15 वर्षों तक पैसों का बंदरबाट किया गया। ठेके नगर विकास मंत्री के लखनऊ स्थित आवास से बांटे गये। जनता को सुविधाओं से वंचित किया गया। नगर निकायों की स्वतंत्रता पर प्रहार किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे तो तीस फीसदी आबादी नगर निकाय क्षेत्रों में रहती है, लेकिन शेष 70 फीसदी आबादी की निर्भरता नगर इकाईयों के ईद गिर्द रहती है। केन्द्र और राज्य सरकार चाहते हैं कि नगर निकायों का समग्र विकास हो। दोनों सरकारों से आने वाला पैसों का उपयोग जनता के हित में हो। इसके लिये भाजपा के ही बोर्ड का गठन होना चाहिये।

उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल, जल निकासी, बिजली, सड़क, एलईडी स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक कार्यक्रमों की दृष्टि से पार्कों आदि की अच्छी व्यवस्था के लिये सही बोर्डों का गठन जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश के कई शहरों को स्मार्ट सिटी के रुप में विकसित करवाना चाहते थे, लेकिन पूर्व राज्य सरकार ने सहयोग ही नहीं दिया। योगी ने आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए दावा किया कि पूर्व राज्य सरकार के असहयोग की वजह से प्रधानमंत्री आवास योजना का सटीक लाभ गरीब जनता को नहीं मिल सका।

योगी ने कहा कि आवास योजना का लक्ष्य पाने के लिये शहरी निकायों में भाजपा का बोर्ड बनाना जरूरी है। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का जमकर बखान किया। उन्होंने कहा कि शहरी जनता छुट्टा गोवंश और अतिक्रमण से परेशान है। इसके लिये क्रमश: सभी 16 नगर निगमों में गौशालायें बनवायी जायेंगी तथा फेरी नीति लागू किया जायेगा। जिले के एक नगर निकाय को दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर आदर्श नगर निकाय घोषित किया जायेगा। इसी तरह वार्डों का भी चयन किया जायेगा।

अयोध्या में 24 घंटे बिजली,पानी देना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। दुनिया में मंदिरों के शहर के रुप में मशहूर अयोध्या में सफाई और प्रसाधन की सटीक व्यवस्था होनी चाहिये। सरयू नदी की आरती के साथ ही इसकी पवित्र धारा को प्रदूषण से हर हाल में बचाया जाना चाहिये। उन्होंने चेहरे पर हमेशा मुस्कान बनाये रखने के लिये अयोध्या और उसके आस-पास के वासियों से भाजपा को जिताने की अपील की।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ० महेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि नगर निकायों में संकल्प पत्र को अक्षरश: लागू किया जायेगा। नगर निकायों की निगरानी सरकार और संगठन दोनों करेंगे। संकल्प पत्र से इतर जाने पर संगठन और सरकार दोनों का 'डंडा' पदाधिकारियों पर चलेगा। उन्हें उम्मीद है कि अयोध्या नगर निगम के साथ ही करीब सभी नगर निकायों में भाजपा का झंडा लहरायेगा।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख