नई दिल्ली. दिल्ली से सटे नोएडा में एक पार्किंग स्टाफ की गलती से 8 महीने की गर्भवती के मारे जाने की खबर है। मामला नोएडा के सेक्टर 18 मार्किट का है, यहां कार पार्किंग अटेंडेंट ने तेज रफ्तार होंडा सिटी कार एक गर्भवती महिला पर चढ़ा दी। पुलिस ने आरोपी पार्किंग अटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया है और कार को भी जब्त कर लिया है।
यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इस महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे को भी नहीं बचाया जा सका। बताया जा रहा है कि इस हादसे में महिला के पति भी घायल हुए, जिनकी हालत गंभीर बताए।
इस हादसे में 8 महीने की गर्भवती जिस महिला की मौत हुई है उसका नाम मानसी बताया जा रहा है। 26 साल की मानसी अपने पति के साथ नोएडा के सेक्टर 75 की किसी सोसाइटी में रहती थीं। रविवार को वह अपने पति के साथ सेक्टर 18 की मार्किट में एक केक की दुकान से केक लेकर लौट रही थी।
इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार आई और उसने मानसी को कुचल दिया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से मीडिया को बताया कि गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि जो उसके सामने आता वह मारा जाता। गाड़ी में बैठा ड्राइवर किसी भी तरह से उसे कंट्रोल नहीं कर पा रहा था। आखिर गाड़ी महिला को टक्कर मारने के बाद बिजली के खंभे से जाकर टकराई।
गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत पास ही के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस इस मामले में कार चला रहे पार्किंग अटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया है। बताय जा रहा है कि आरोपी नाबालिग है। मृतक के परिजनों ने पार्किंग स्टाफ और उसके कॉन्ट्रेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।