लखनऊ: प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस के हमले का जोरदार जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी ट्वीट कर जय शाह को नोटबंदी का सबसे बड़ा बेनिफिशरी बता रहे हैं। उन्होंने कहा, यह लड़का बड़ा ही नहीं होना चाह रहा है। दूसरे शब्दों में कहें तो अपने डाइपर से राहुल बाहर ही नहीं निकलना चाह रहे हैं। उन्होंने यह नहीं देखा कि जय शाह की कंपनी नोटबंदी के पहले ही बंद हो चुकी थी।
जिसे कांग्रेस बेटा मॉडल बता रही है दरअसल, उसमें बिजनेस आगे बढ़ना चाहिए था ना कि घटना चाहिए था। स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंह सोमवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस मौके पर कैबिनट मंत्री सुरेश खन्ना और भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक भी मौजूद थे।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस तो बेटा मॉडल की एक्सपर्ट है, वह भी टर्नओवर और प्रॉफिट में अंतर नहीं समझ पाई। उन्होंने कहा, आजकल कुछ पोर्टल सुपारी जर्नलिज्म कर रहे हैं। शीर्षक देख कर लगता है कि जाना था जापान पहुंच गए चीन। इससे सबसे पहले आंखें उनकी चमकी जिनकी राजनीति खत्म हो गई और अब जगह-जगह प्रेस कर रहे हैं।
जिसका हमें जवाब देना है। उन्होंने कहा कि दामाद मॉडल में एक चेक भी नहीं लगता है और दामाद जी की जमीन बड़ी कंपनी को बिक जाती है और 50 करोड़ रुपये का फायदा हो जाता है।
नेशनल हेरल्ड की 5000 करोड़ रुपये की संपत्ति 50 लाख रुपए में उठाने का सोनिया-राहुल का मॉडल भी कांग्रेस समझाए। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि रॉबर्ट वाड्रा को जेल ही जाना चाहिए। कानून अपना काम कर रहा है। देर जरूर लग रही है लेकिन दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।
सब कुछ लीगल है
सुरेश खन्ना कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि अगर यह अमित शाह के बेटे का मामला नहीं होता तो कोई खबर ही नहीं होती। उन्होंने कहा, सब कुछ लीगल है। पार्टी मुखिया के परिवार पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पूर्व मंत्री इस सवाल को उठा रहे हैं तो हमें जवाब देने के लिए आगे आना ही होगा।