गया: शराबबंदी पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला है। शुक्रवार को जिले के फतेहपुर और मानपुर में निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार अगर शराबबंदी चाहते हैं, तो यहां चल रही फैक्ट्रियां बंद कराएं। उन्होंने पूर्ण शराब बंदी पर व्यंग करते हुए कहा कि नीतीश जी अगर ईमानदारी से शराबबंदी करवाना चाहते तो, सबसे पहले बिहार में चल रही शराब की आठ फैक्ट्रियां बंद करवाते। बिहार में शराबबंदी के नाम पर ज्यादा पैसा देकर लोग शराब पी रहे हैं। मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार यहां बढ़े अपराध पर लगाम लगाने के बजाय उस पर पर्दा डाल रहे हैं। अब तो यहां देश का चौथा स्तंभ भी सुरक्षित नहीं है। महिलाएं और युवतियां दुष्कर्म की शिकार बन रही हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश जी के गृह क्षेत्र नालंदा में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोपित विधायक छिपा रहा। लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। जब राजबल्लभ ने कोर्ट में समर्पण किया, तब पुलिस उसे गिरफ्तार करने का दावा करने लगी।
मांझी ने कहा कि बिहार में प्रत्येक साल छह हजार दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे हैं।