ताज़ा खबरें
जिस हॉस्पिटल से बच्चा चोरी हो, उसका लाइसेंस रद्द करो: सुप्रीम कोर्ट
गड़े मुर्दे मत उखाड़ो भारी पड़ेगा, हर मंदिर के नीचे बौद्ध मठ: सुमन

पटना: राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि केन्द्र सरकार को हर हाल में जातीय जनगणना की रिपोर्ट जारी करनी होगी। ऐसा नहीं हुआ तो राजद आंदोलन करेगा। आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। कार्यकर्ताओं को इसके लिए तैयार रहना चाहिए। मेरे जीते जी आरक्षण पर आंच नहीं आ सकती। जब तक हमारे शरीर में खून का एक कतरा रहेगा, गरीबों के हक पर आंच नहीं आने देंगे। पार्टी के स्थापना दिवस पर मंगलवार को प्रदेश कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि केन्द्र सरकार ने अब तक कोई काम नहीं किया है। अपनी कमी को छुपाने के लिए चुनाव के ठीक पहले वह दंगा-फसाद कराएगी। लेकिन हमें उनकी मंशा का मुंहतोड़ जवाब समाज में शांति कायम कर देना होगा। कार्यक्रम में अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों को सम्मान नहीं दिये जाने का सवाल उठा तो उन्होंने कहा कि इस मसले पर सीएम नीतीश कुमार से बात हो चुकी है। जनप्रतिनिधियों को सम्मान नहीं देने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यक समाज को मिल रहे आरक्षण को खत्म करना चाहती है। इसके लिए केन्द्र सरकार बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान में बदलाव करने वाली है। मेरे रहते ऐसा संभव नहीं होगा। आरएसएस की मंशा बहुत खतरनाक है। वह देश में नया संविधान लागू करना चाहती है। आरएसएस ने कभी वर्तमान संविधान को अंगीकार किया ही नहीं। संविधान सभा में जब हमारा संविधान पेश हुआ था उसी समय भाजपा वालों के गुरु गोलवलकर ने कहा था कि यह विदेशी संविधानों की नकल है।

उन्होंने मनुस्मृति पर आधारित संविधान बनाने की वकालत की थी। आप सभी जानते हैं कि मनुस्मृति के अनुसार शुद्र अगर वेद सुन लेता है तो उसके कान में शीशा पिघलाकर डाल देना चाहिए। मनुस्मृति शुद्र और अछूतों को इंसान का दर्जा नहीं देता है। वह महिलाओं को भी पुरुषों का गुलाम मानता है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख