लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एटीएस के एएसपी राजेश साहनी के खुदकुशी करने के मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिये हैं। उन्होंने इस पूरे प्रकरण पर गम्भीर रुख अख्तियार करते हुए बुधवार रात डीजीपी व प्रमुख सचिव गृह समेत कई अफसरों को तलब किया था। यह जानकारी प्रमुख सचिव सूचना अवनीश अवस्थी ने दी। सीएम ने इन अफसरों से पूछा कि किन परिस्थितियों में राजेश साहनी ने अपने दफ्तर में खुद को गोली मार कर जान दी। इसको लेकर उठ रहे सवालों पर भी जवाब मांगा। सीएम इस प्रकरण में अधिकारियों के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए।
उन्होंने अफसरों से कहा कि बेहद शांत अफसर का इस तरह खुदकुशी करना गम्भीर मामला है। बताया जाता है कि खुफिया एजेन्सियों, पीपीएस एसोसिएशन और एटीएस के कुछ कर्मचारियों से भी गुपचुप तरीके से इस प्रकरण के बारे में जानकारी ली गई। इसके बाद ही यह निर्णय लिया गया।
आज भेजी जायेगी औपचारिक चिठ्ठी
शासन इस सम्बन्ध में गुरुवार को सीबीआई जांच के लिए औपचारिक चिठ्ठी केन्द्र को भेजेगा। सीबीआई जांच का आदेश होने से पहले डीजीपी ओपी सिंह ने पूरे प्रकरण की जांच एडीजी जोन राजीव कृष्ण से कराने के आदेश दिये थे।
यह जांच गुरुवार सुबह से शुरू होनी थी। पर रात में सीबीआई जांच के आदेश हो गए।
डीजीपी से ली थी पूरी जानकारी
मुख्यमंत्री ने शाम को भी डीजीपी ओपी सिंह से इस पूरे मामले की जानकारी ली थी। उन्होंने डीजीपी से पूछा था कि अब तक इस प्रकरण में क्या निकला? खुदकुशी की कोई वजह सामने आयी? डीजीपी ने मुख्यमंत्री को बताया कि मंगलवार को राजेश साहनी छुट्टी पर थे। पर, दोपहर में वह आफिस पहुंचे थे। फिर कुछ देर बाद ही उन्होंने गनर मनोज से सर्विस पिस्टल मंगवाई। इसके चंद मिनट बाद ही उन्होंने खुद को गोली मार ली।
दोस्तों ने उठाई थी सीबीआई जांच की मांग
राजेश साहनी पुलिस सेवा में आने से पहले पत्रकार थे। दिल्ली और मुम्बई में उनके कई पत्रकार मित्र अब भी उनसे जुड़े हुए थे। राजेश के कई मित्रों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। कुछ दोस्तों ने तो यहां तक कहा कि राजेश साहनी के व्यक्तित्व को देखते हुए यह मानना काफी मुश्किल हो रहा है कि उसने खुदकुशी की है। लिहाजा इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए। इस प्रकरण का सच सामने जरूर आना चाहिए। दोस्तों ने अपने इस मैसेज को दिनभर सोशल मीडिया पर खूब चलाया। सीबीआई जांच के आदेश की खबर मिलते ही इन दोस्तों ने भी कहा कि अब सच सामने आ जायेगा।