ताज़ा खबरें
महाकुंभ हादसा:अस्पतालों के बाहर खड़े परिजनों को नहीं दिया जा रहे शव

उत्तर प्रदेश: चलती ट्रेन में 35 वर्षीय एक महिला के साथ पहले कथित रूप से बलात्कार किया और फिर उसे धक्का देकर फेंक दिया गया, जिससे उसका एक पैर कट गया। जीआरपी अधिकारी सुधीर सिंह ने बताया कि महिला चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसका दायां पैर कट गया। छानबीन चल रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सराय लखनसी थानाक्षेत्र में खाजाखुर्द रेलवे स्टेशन के निकट रविवार सुबह ग्रामीणों ने महिला को कराहते देखा। उसके शरीर पर वस्त्र नहीं थे, जिससे संदेह है कि उसका बलात्कार किया गया है। अभी तक बलात्कार की पुष्टि नहीं हो सकी है। महिला का आरोप है कि वह ट्रेन से शनिवार रात शाहगंज जा रही थी। रास्ते में दो अपराधियों ने पहले उसके साथ बलात्कार किया और फिर उसे चलती ट्रेन से फेंक दिया। महिला के फोटो समाचार चैनलों और सोशल मीडिया पर वायरल हो गये हैं।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को रामगोपाल यादव के भांजे और विधान परिषद सदस्य अरविंद प्रताप यादव को पार्टी से निकाल दिया। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने उनके अलावा इटावा जिले के पूर्व ग्राम प्रधान अखिलेश कुमार यादव को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। शिवपाल के इस कदम से परिवार में एक बार फिर तनाव पैदा होने की आशंका है. सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के हस्तक्षेप के बाद प्रदेश अध्यक्ष का पद स्वीकार करने वाले शिवपाल ने रविवार को पार्टी कार्यालय पहुंचकर प्रभार संभाला। शिवपाल ने अपने पहले फैसले में अरविंद प्रताप यादव और अखिलेश कुमार यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया। सपा के राज्य सचिव एसआरएस यादव ने बताया कि अरविंद को पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अशोभनीय एवं अपमानजनक टिप्पणी और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के लिए निष्कासित किया गया है। सपा कार्यालय पहुंचने से पहले शिवपाल मुलायम से हवाई अड्डे पर मिले। मुलायम दिल्ली रवाना हो रहे थे। उक्त दो नेताओं के निष्कासन से मुलायम परिवार में फिर तनाव पैदा होने की आशंका है, क्योंकि दोनों ही रामगोपाल के करीबी हैं। हालांकि, शिवपाल के करीबियों ने बताया कि जो भी फैसला किया गया है, उसकी जानकारी मुलायम को है। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवपाल ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए हर किसी को पार्टी मजबूत करने में लग जाना चाहिए ताकि एक बार फिर सपा की बहुमत वाली सरकार बने। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि पार्टी में गुटबाजी नहीं होनी चाहिए। जो गुटबाजी करेगा, उससे सख्ती से निपटा जाएगा। शिवपाल ने कार्यकर्ताओं से कहा, 'यदि आप नारे लगाना चाहते हैं तो पहले पार्टी के लिए नारे लगाइए, फिर नेताजी (मुलायम) के लिए और फिर मुख्यमंत्री के लिए नारे लगाइए।' सपा के खिलाफ बसपा प्रमुख मायावती की टिप्पणी पर शिवपाल ने कहा कि मायावती को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए।अगले चुनाव में मायावती की पार्टी का सफाया हो जाएगा।

नई दिल्ली: भाजपा अगले महीने उत्तर प्रदेश में चार परिवर्तन यात्राएं शुरू करेगी और यह 100 दिन से ज्यादा चलेंगी जो संभवत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के साथ खत्म होंगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि चार यात्राएं सहारनपुर, ललितपुर, सोनभद्र और गोरखपुर या बलिया से शुरू हो सकती हैं। श्राद्ध के खत्म होने के बाद ये यात्राएं एक स्थान पर आकर मिल सकती हैं जो लखनउ हो सकता है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्रियों सहित शीर्ष पार्टी नेता यात्रा के दौरान जनसभाओं को संबोधित करेंगे। अभियान की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रदेश में संगठन के 91 जिलों में से प्रत्येक में एक युवा और महिला सभा आयोजित करने का फैसला किया है। राज्य की प्रत्येक पंचायत को यात्रा से जोड़ने तथा बूथ स्तर पर सभाएं आयोजित करने की इसे उम्मीद है। सपा और बसपा की तरफ से कड़ी चुनौती का सामना कर रही भाजपा अपनी संगठनात्मक मशीनरी और केंद्रीय नेतृत्व पर भरोसा कर रही है ।

लखनऊ: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पिछले कई दिनों से जारी खींचतान के बाद अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात करके उन्हें सपा का नया प्रान्तीय अध्यक्ष बनाये जाने की बधाई दी और अपनी तरफ से पूरे सहयोग का आश्वासन दिया।अखिलेश ने अपने समर्थकों से कहा कि वह शिवपाल को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बनाने के नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के निर्णय के खिलाफ अपना आंदोलन बंद करें और चुनाव की तैयारियों में जुटें। अखिलेश ने शिवपाल से उनके घर जाकर मुलाकात करने के बाद अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन में कहा ‘मैं अभी खुद प्रदेश अध्यक्ष (शिवपाल) को बधाई देकर आया हूं। हम आगामी विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर तक जीतने के लिये काम करेंगे। मेरी तरफ से उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा।’ उन्होंने खुद को हटाकर शिवपाल को सपा प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के खिलाफ पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बारे में कहा ‘मैं नौजवानों से अपील करता हूं कि वे किसी तरह की नारेबाजी और प्रदर्शन ना करें। होर्डिग, पोस्टर जैसा कोई काम नहीं करना है। जब चुनाव आ गया है तो सभी साथियों को अपने बूथ पर जाकर सपा सरकार के कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाना है।’ अखिलेश ने एक सवाल पर कहा कि वह क्रिकेट, फुटबाल समेत कई खेलों के अच्छे खिलाड़ी रहे हैं और वह ‘सेल्फ गोल’ कभी नहीं करते।शिवपाल के घर चाय पीने गये अखिलेश ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा को वर्ष 2012 में हुए चुनाव के मुकाबले ज्यादा सीटें मिलेंगी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख