लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ में किसान यूनियन की ओर से किसान जंक्शन एप को लांच किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि मंत्रियों का त्यागपत्र व विभाग बदलने से साफ है कि यूपी सरकार का पूरा वक्त भ्रष्टाचार में निकल गया। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव परिणाम उन्हें स्वीकार है। चुनाव में सपा-बसपा के जिन साथियों ने चुनाव में मदद की थी। उनका धन्यवाद देता हूं।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश और प्रदेश बहुत ही नाजुक दौर में है। किसानों के आत्महत्या की खबरें लगातार आ रही हैं। कानून व्यवस्था में सरकार असफल है। हत्या, लूट, रेप बढ़े हैं। फर्जी एनकाउंटर की सूची लंबी है। यूपी हत्या प्रदेश हो गया है। इन्वेस्ट और लखनऊ समिट के बहाने बड़ा प्रचार हुआ लेकिन कोई भी बड़ा इन्वेस्टर आज तक नहीं आया। 70 लाख नौकरी और रोजगार के दावे का क्या हुआ? बेरोजगारी कभी इतनी नहीं रही। अर्थशास्त्री, इंडस्ट्रलिस्ट के लगातार बयान हालात बता रहे हैं। बांग्लादेश के पैसे की कीमत आज भारत से अधिक हो गई है। कहां सपना रुपये को मजबूत करने को था।
अखिलेश ने कहा कि लोकतंत्र की नई परिभाषा ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स से गढ़ी जा रही है, सबको डराया जा रहा है। चुनाव खत्म होते ही डीजल पेट्रोल महंगा कर दिया गया, केवल वोट लेने के लिये दाम घटाए गए थे।