भदोही: भदोही के भाजपा विधायक समेत सात लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। विधायक के बेटों और भतीजों पर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। बुधवार को भदोही कोतवाली में विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी समेत सात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। महिला का आरोप है कि विधायक के भतीजे संदीप तिवारी ने शादी का झांसा देकर छह साल दुष्कर्म किया था। शहर के कोतवाली थाने में पीड़ित महिला गैंगरेप समेत कई धाराओं में केस दर्ज कराया है।
वाराणसी की एक महिला ने 10 फरवरी को विधानसभा चुनाव के दौरान होटल में बुलाकर रेप करने का आरोप लगाया था। आरोप लगते ही एसपी राम बदन सिंह ने जांच के लिए टीम गठित की थी। सत्ता पक्ष के एक और विधायक पर रेप का आरोप लगने से भाजपा की मुश्किलें बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वाराणसी की एक विधवा महिला ने 10 फरवरी को एसपी से मिलकर आरोप लगाया था कि रविन्द्र त्रिपाठी के भतीजे संदीप तिवारी से उसकी मुलाकात मुंबई जाते समय ट्रेन में हुई थी। इसके बाद फोन से दोनों में बातचीत शुरु हुई। कुछ दिनों बाद संदीप ने शादी का वादा करके वाराणसी के एक होटल में शारीरिक संबंध बनाया।
2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान मुम्बई से बुलाकर भदोही के स्टेशन रोड स्थित एक होटल में एक महीने तक उसे अलग-अलग कमरों में रखा गया। इस दौरान रविंद्रनाथ त्रिपाठी और उनके बेटों और भतीजों ने भी रेप किया। गर्भ में पल रहे दो माह के बच्चे को भी जबरदस्ती गिरवा दिया। अब शादी के लिए कहने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला के आरोप पर एसपी ने एएसपी को जांच का आदेश दिया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर विधायक समेत सात लोगों पर भदोही कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। शहर कोतवाल श्रीकांत राय ने बताया कि रविंद्रनाथ त्रिपाठी, उनके तीन बेटों नीलेश, प्रकाश, दीपक व भतीजों जिपं सदस्य सचिन, चंद्रभूषण व संदीप तिवारी पर आईपीसी की धारा 376डी, 313 504 506 में केस दर्ज किया गया है।