ताज़ा खबरें
हरियाणा नगर निकाय चुनाव में बीजेपी का 10 में से नौ सीटों पर कब्जा
राज्यसभा में विपक्ष ने डुप्लीकेट मतदाता फोटो पहचान पत्र का उठाया मुद्दा
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दी संभल की जामा मस्जिद में रंगाई-पुताई की मंजूरी

पोर्ट लुईस: भारत और मॉरीशस ने अपने संबंधों को उन्नत रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देते हुए 8 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों का उद्देश्य व्यापार, समुद्री सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान भारतीय नौसेना का एक युद्धपोत और वायुसेना की आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

महासागर नीति का एलान

पीएम मोदी ने वैश्विक दक्षिण के विकास के लिए 'महासागर' ( म्यूचुअल एंड हॉलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन्स) नाम की नई नीति की घोषणा की। यह नीति 2015 में शुरू की गई सागर (सिक्योरिटी एंड ग्रोथ फॉर ऑल इन द रीजन) नीति का विस्तार है। उन्होंने कहा कि भारत और मॉरीशस दोनों के लिए भारतीय महासागर को मुक्त, सुरक्षित और स्थिर रखना प्राथमिकता है। भारत मॉरीशस के विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) की सुरक्षा में पूरा सहयोग देगा।

भारत और मॉरीशस के बीच महत्वपूर्ण समझौते और घोषणाएं

व्यापार में राष्ट्रीय मुद्राओं का इस्तेमाल – दोनों देश व्यापार के लिए अपनी-अपनी मुद्राओं (भारतीय रुपये और मॉरीशस रुपया) का उपयोग करेंगे।

समुद्री डेटा साझा करना – समुद्री सुरक्षा और निगरानी के लिए संयुक्त प्रयास होंगे।

धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) रोकने के लिए सहयोग किए जाएंगे।

एमएसएमई क्षेत्र में सहयोग – छोटे और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा।

कोस्ट गार्ड को मजबूत करना – भारत मॉरीशस को कोस्ट गार्ड की जरूरतों के लिए हरसंभव मदद देगा।

पुलिस अकादमी और समुद्री सूचना केंद्र की स्थापना।

चागोस द्वीप मुद्दे पर समर्थन – भारत ने मॉरीशस की संप्रभुता का सम्मान करने की बात दोहराई।

डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में सहयोग पर सहमति।

कई परियोजनाएं और अहम घोषणाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कई नई विकास परियोजनाओं की भी घोषणा की। जिसमें 100 किलोमीटर लंबी जल पाइपलाइन का आधुनिकीकरण, 500 मिलियन मॉरीशस रुपये की सामुदायिक विकास परियोजनाएं और मॉरीशस की नई संसद का निर्माण, जिसे भारत मॉरीशस को 'लोकतंत्र की जननी' की ओर से उपहार के रूप में देगा। भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए अहम घोषणाएं की गई है। जिसमें मॉरीशस के लोगों के लिए भारत में चारधाम यात्रा और रामायण ट्रेल की सुविधाएं दी जाएंगी। यूपीआई और रुपे कार्ड का विस्तार किया जाएगा जिससे व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। अटल बिहारी वाजपेयी लोक सेवा एवं नवाचार संस्थान का उद्घाटन किया गया।

मॉरीशस के साथ भारत के विशेष संबंध

मॉरीशस की 1.2 मिलियन की आबादी में लगभग 70% भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जिससे दोनों देशों के बीच गहरा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'प्राकृतिक आपदा हो या कोरोना महामारी, भारत और मॉरीशस हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। हम रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और अंतरिक्ष सहित हर क्षेत्र में एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।'

 

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख