लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें आतंकवादी करार दिया। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया से बात करते हुए राजेंद्र ने कहा कि मोदी और शाह, दोनों ही देश में आतंक फैलाना चाहते हैं। पीएम मोदी और शाह पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए राजेंद्र ने कहा, 'ये मतदाताओं को दहशत में लेना चाहते हैं, डर पैदा करना चाहते हैं। ये दोनों आतंकवादी हैं- नरेंद्र मोदी और अमित शाह, दोनों आतंक पैदा कर रहे हैं लोकतंत्र में। राजनैतिक वातावरण को प्रदूषित कर रहे हैं दोनों। उत्तर प्रदेश की जनता इस अपमान का बदला ले रही है। उत्तर प्रदेश को बदनाम करने की इनकी कोशिश है।' सपा नेता राजेंद्र चौधरी ने रविवार को सपा दफ्तर में प्रेस कांफ्रेंस करके कहा कि भाजपा नेताओं के पास यूपी के लिए कहने करने को कुछ नहीं हैं, इसीलिए वे जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंनें कहा कि मोदी बताएं कि वह क्या 11 मार्च के बाद मोदी प्रधानमंत्री पद छोड़ेगे। अगर वह इस्तीफा नहीं देंगे तो भी जनता उन्हें चैन से बैठने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण में भाजपा इक्का दुक्का सीट जीत जाए तो बहुत है। भाजपा के बड़बोले पन की पोल खुल गई है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने सपा प्रवक्ता द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह को आतंकवादी कहे जाने पर कहा कि सपा के यह बोल उसकी बौखलाहट और हताशा का नतीजा हैं।
रविवार के तीसरे चरण के चुनाव में बीजेपी ने सपा के गढ़ को ध्वस्त कर दिया है। माथुर का दावा है कि भाजपा के पक्ष में भारी मतदान देखकर ही कांग्रेस-सपा गठबंधन को 300 सीटें मिलने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के स्वर अब बदल गए हैं। वह अब गठबंधन को औरों से ज्यादा सीटें मिलने की बात कर रहे हैं। उन्होंने अपनी हार मान ली है और आज तीसरे चरण में बीजेपी का मुकाबला बसपा से ही हुआ है। माथुर ने तीसरे चरण के मतदान के बाद रविवार की शाम भाजपा मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पिछले दो सालों से विधानसभा चुनाव को लेकर बनाई गई व्यूह रचना चुनाव के समय सफल रही है।