चित्रकूट: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार सुबह चित्रकूट में कामदगिरि की परिक्रमा की और भगवान कामतानाथ के दर्शन किए। यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "यह पवित्र स्थल है। इस पवित्र स्थल से अगर आवाज जाएगी, तो दूर-दूर तक पहुंचेगी। हम भगवान से प्रार्थना करेंगे कि यह सरकार जाए और जनता से अपील है कि जब भी मौका मिले तो सरकार को हटाए।"
बदायूं की हाल की घटना और यूपी राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘ हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक कह चुके हैं कि यहां ''जंगलराज'' है। सबसे ज्यादा फर्जी मुठभेड़ और हिरासत में मौतें यहां हुई हैं।'' सपा मुखिया ने कहा,"चित्रकूट में आज जो भी विकास दिख रहा है, वह सपा सरकार के समय का है। चार साल में हवाई पट्टी तक नहीं बन पाई। बिजली के तार तक नहीं ठीक हुए। पूरे प्रदेश में बिजली की कटौती की गई और राज्य सरकार ने बिजली के बिल बढ़ा दिए।"
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर लक्ष्मण पहाड़ी का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विकास किया जाएगा। इसे सुंदर बनाने का काम करेंगे। चित्रकूट के पुरातात्विक, ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व को देखते हुए यहां नागरिक सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। नेता जी के समय चित्रकूट में कई विकास कार्य हुए थे। बाद में समाजवादी सरकार ने उस पर ध्यान दिया।
उन्होंने कहा रामायण मेला का प्रारम्भ डाॅ. लोहिया की प्रेरणा से हुआ था। परम्पराओं को जोड़ने का काम यहां रामायण मेला में जिन कलाकारों ने किया उन सभी को, जो मंच पर कला प्रदर्शन कर रहे थे, विशेष पेंशन समाजवादी सरकार बनने पर दी जाएगी। रामायण मेला से मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्श जीवन के दर्शन होते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज लोकतंत्र पर खतरा है। अमेरिका में घटी घटना चिंताजनक है। यहां उत्तर प्रदेश में सुप्रीमकोर्ट और हाईकोर्ट ने जंगलराज माना है। निर्दोषों पर झूठे मुकदमें और एनएसए नहीं लगाने को कहा है। फर्जी एनकाउण्टर और हिरासत में मौतों पर मानवाधिकार आयोग ने राज्य सरकार को नोटिसें दी हैं। श्मशान पर भी भ्रष्टाचार हो रहा है। बेकारी लगातार बढ़ रही है। किसानों को भाजपा सरकारों ने धोखा दिया है। समाजवादी किसान हैं खेती करते है। भाजपा राज में किसानों की आवाज नहीं सुनी जा रही है। भाजपा को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।