ताज़ा खबरें
संविधान को कमजोर करने के प्रयास कर रही बीजेपी सरकार: प्रियंका गांधी
यह दिल्ली की जनता का जनादेश है, हम इसका सम्मान करते हैं: आतिशी

नई दिल्ली: केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री और चंदौली के सांसद डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नए अध्यक्ष होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने डॉ. पांडेय को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसकी घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और केन्द्रीय कार्यालय के मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने गुरुवार को की। श्री सिंह ने घोषणा करते हुए यह भी कहा है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। डॉ. महेन्द्र नाथ पांडे प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्यभार केशव प्रसाद मौर्य से लेंगे। श्री मौर्य प्रदेश अध्यक्ष रहते भाजपा सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। मौर्य के 19 मार्च को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था। बाद में मौर्य ने पार्टी में एक व्यक्ति और एक पद के सिद्धान्त को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से अपने इस्तीफे की पेशकश भी थी, लेकिन शाह ने उस समय उनका इस्तीफा टाल दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वाराणसी संसदीय सीट के बगल में चंदौली सीट होने के कारण डॉ. पांडेय का नाम पीएम के नजदीकी लोगों में शुमार है। पीएम मोदी के अपनी सीट वाराणसी दौरे में डॉ. पांडेय उनके साथ लगातार रहते हैं।

पीएम से नजदीकियों के चलते केंद्रीय मंत्रिमंडल के दूसरे चरण के विस्तार में उन्हें मानव संसाधन राज्यमंत्री बनाया गया। डॉ. पांडेय जमीन से जुड़े नेता हैं। हाल ही में प्रदेश के विधानसभा चुनावों में पार्टी के स्टार प्रचारकों में डॉ. पांडेय भी शामिल थे। चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मिर्जापुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में डॉ. पांडेय का खासा प्रभाव है। इन जिलों की विधानसभा सीटें भाजपा की झोली में डालने में इनकी अहम भूमिका रही। वर्ष 1980 में स्थापित भारतीय जनता पार्टी के डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय 14वें प्रदेश अध्यक्ष होंगे। भाजपा के पहले प्रदेश अध्यक्ष माधवकान्त त्रिपाठी थे। उसके बाद कल्याण सिंह, राजेन्द्र कुमार गुप्त, कलराज मिश्र (दो बार), राजनाथ सिंह, ओम प्रकाश सिंह, विनय कटियार, केसरी नाथ त्रिपाठी, रमापतिराम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी और केशव प्रसाद मौर्य भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहे।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख