नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती नजर आ रही है। पीएम मोदी के भारी चुनाव अभियान की बदौलत भाजपा अब तक यहां पर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है। हालांकि वह बहुमत से दूर है। अभी विधानसभा त्रिशंकु की ओर बढ़ती नजर आ रही है। परिणाम 11 मार्च को आएंगे। विभिन्न चैनलों के एग्जिट पोलों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव बाद बीएसपी से गठबंधन की संभावना से इनकार नहीं किया है। बीबीसी हिंदी के साथ फेसबुक लाइव में कहा कि 11 मार्च का चुनावी नतीजा उनके पक्ष में आएगा और यूपी में उनकी सरकार बनेगी। हालांकि अखिलेश ने यह भी संकेत दिए कि चुनाव परिणामों में यदि उन्हें या किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलता है तो राष्ट्रपति शासन की जगह वो मायावती से हाथ मिलाना पसद करेंगे। इंडिया न्यूज-एमआरसी ने बीजेपी को 185 सीटें दी हैं जबकि कांग्रेस-सपा गठबंधन 120 सीटें जीतता नजर आ रही है। मायावती की बसपा को 90 सीटें मिलेंगी। वहीं एक दूसरे चैनल एबीपी न्यूज के सर्वे में बीजेपी और कांग्रेस-सपा गठबंधन लगभग टक्कर पर हैं। दोनों को ही लगभग बराबर सीटें हासिल हो रही हैं। एबीपी न्यूज के सर्वे के अनुसार, बीजेपी को इस चुनाव में 164 से 176 सीटों के बीच मिलती नजर आ रही हैं जबकि उनको कड़ी टक्कर देते हुए कांग्रेस-सपा गठबंधन खाते में 156 से 169 के बीच सीटें आ रही हैं।
बसपा 60 से 72 सीटें जीतकर तीसरे नंबर की पार्टी बनेगी। एनडीटीवी के सर्वे में बीजेपी की स्थिति अच्छी दिखाई दे रही है। हालांकि उसे बहुमत नहीं मिला है। इसके अनुसार 193 सीटें जीतकर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी नजर आ रही है। एसपी-कांग्रेस गठबंधन 120 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर है। बसपा 78 सीटें जीतकर तीसरे स्थान पर है। इंडिया टीवी-सी वोटर्स ने भी अन्य पोलों की तरह यूपी में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बताई है। इस पोल में बीजेपी को 155 से 167 सीटें मिलती नजर आ रही हैं जबकि एसपी-कांग्रेस गठबंधन 135 से 147 सीटें जीतेगी। बीएसपी को सिर्फ 81 से 93 सीटें मिलेंगी।
अब तक के अनुमान इस प्रकार हैं
एबीपी न्यूज उत्तर प्रदेश - 403 सीटें
बीजेपी- 164 से 176 सीटें
एसपी-कांग्रेस - 156 से 169 सीटें
बसपा - 60 से 72 सीटें
अन्य - 2 से 6 सीटें
इंडिया न्यूज - एमआरसी उत्तर प्रदेश - 403 सीटें
बीजेपी - 185 सीटें
एसपी-कांग्रेस गठबंधन - 120 सीटें
बीएसपी- 90 सीटें अन्य - 08 सीटें
एनडीटीवी उत्तर प्रदेश - 403 सीटें
बीजेपी - 193 सीटें
एसपी-कांग्रेस गठबंधन - 120 सीटें
बीएसपी- 78 सीटें अन्य - 12 सीटें
इंडिया टीवी- सी वोटर्स उत्तर प्रदेश - 403 सीटें
बीजेपी - 155 से 167 सीटें
एसपी-कांग्रेस - 135 से 147 सीटें
बीएसपी- 81 से 93 सीटें
आज उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की एक-एक सीट पर मतदान हुए। दरअसल यूपी के अलापुर और उत्तराखंड के कर्णप्रयाग के उम्मीदवारों की मौत हो गई थी, जिसके बाद यहां पर मतदान की तारीक 9 मार्च को तय हुई थी। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को कहा कि एग्जिट पोल के नतीजों का प्रसारण 9 मार्च को मतदान खत्म होने के बाद होगा। चुनाव नियमों के मुताबिक एग्जिट पोल का प्रसारण सभी राज्यों में सभी चरणों के चुनाव खत्म होने के दिन मतदान के आधे घंटे बाद ही हो सकता है। जिसके मुताबिक कुछ ही देर में पहला एग्जिट पोल आएगा। अपको बता दें कि यूपी के आलापुर विधानसभा क्षेत्र और उत्तराखंड के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में आज मतदान हुए। यूपी के आलापुर में सपा प्रत्याशी चंद्रशेखर और उत्तराखंड में बसपा प्रत्याशी कुलदीप सिंह की मौत हो गई थी। पांच राज्यों पंजाब, मणिपुर, यूपी, उत्तराखंड और गोवा के कुल 4853 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 11 तारीख को होगा।