सिद्धार्थनगर: यूपी विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण के प्रचार के अंतिम दिन सिद्धार्थनगर में रैली करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी ने लोगों को परेशान किया है। पीएम इसका फायदा कब बताएंगे। उन्होंने कहा कि कई लोगों की जान बैंक की लाइन में लगे लगे चली गई। केंद्र सरकार ने कोई मदद नहीं की। हमारी सरकार ने उन्हें मुआवजा दिया। एक महिला ने बैंक की लाइन में जन्म दिया और बच्चे का नाम खजांची रख दिया। हमने बुलाकर उन्हें मुआवजा दिया। मन की बात पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि पीएम हमेशा मन की बात करते हैं। मैं कहता हूं कि मन की बात बहुत हो गई, अब काम की बात करनी चाहिए। तीन साल में कोई काम जमीन पर नहीं हुआ है। यूपी सीएम ने कहा कि भाजपा केवल धोखा दे रही है। कोई बड़ा काम नहीं किया। रैली में अखिलेश ने नकल का सर्मथन करते हुए कहा कि आखिर कौन बचपन में नकल नहीं करता है। थोड़ी बहुत तो सभी लोग नकल करते हैं। हमारे वादों की नकल उत्तर प्रदेश में भाजपा ने की है। पीएम कपड़े पहनने का भी नकल करते हैं। उन्होने कहा कि ये यूपी का चुनाव देश का भविष्य तय करेगा।
अखिलेश यादव ने जनता को बसपा से सावधान रहने की नसीहत देते हुए आज कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती कभी भी भाजपा के साथ समझौता कर सकती हैं। अखिलेश ने यहां चुनावी जनसभा में कहा, ‘‘भाजपा के लोग गुमराह कर रहे हैं। भाजपा के लोग कुछ भी कर सकते हैं। बसपा से भी सावधान रहने की जरूरत है। वह :मायावती: कभी भी भाजपा से समझौता कर सकती हैं। दरअसल वह भाजपा की मदद कर रही हैं।’’ इससे पहले भी कई मौकों पर अखिलेश चुनावी रैलियों में बसपा को अवसरवादी करार देते हुए कह चुके हैं कि मौका पड़ने पर वह भाजपा के साथ समझौता कर सकती है। पूर्व में भी मायावती ने भाजपा नेताओं को राखी बांधी है और आगे भी वह रक्षाबंधन मना सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सपा गरीबों की पार्टी है। किसानों की मदद करने वाली पार्टी है। आने वाले समय में और सुविधाएं देंगे। सपा को अपने आकलन में जनता अन्य दलों से बेहतर पएगी। बसपा की सरकार नहीं बन रही, यह बात सब जानते हैं। अन्य सभी राजनीतिक दल इसी चक्कर में हैं कि कहीं केवल सपा ही आगे नहीं निकल जाए।’’ अखिलेश ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनायीं तो वर्तमान चुनाव के लिए जारी घोषणापत्र में किये गये वायदे भी दोहराये।