देहरादून: उत्तराखंड फिर सियासी संग्राम छिड़ गया है। टिहरी विधानसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस में काफी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भाजपा में शामिल हो गए हैं। गुरुवार को देहरादून में चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजदूगी में किशोर उपाध्याय भाजपा में शामिल हुए। इससे पहले बुधवार को कांग्रेस ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
किशोर टिहरी से लड़ेंगे चुनाव
टिहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने किशोर उपाध्याय को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वहीं राज्य में केवल डोईवाला सीट पर भाजपा को अपना प्रत्याशी घोषित करना है। टिहरी के वर्तमान भाजपा विधायक डॉ. धन सिंह नेगी भी आज कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं।नेगी समर्थकों के साथ टिहरी से देहरादून के लिए रवाना हुए हैं। धन सिंह नेगी को कांग्रेस टिहरी विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर सकती है।किशोर उपाध्याय को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
भाजपा से उनकी नजदीकियों की खबरों के बीच पार्टी ने उन्हे सभी पदों से पिछले दिनों हटा दिया था। वहीं कांग्रेस प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी होने के बाद राज्य की विभिन्न सीटों पर कार्यकर्ताओं में उबाल देखने को मिला। जिसके बाद बुधवार देर रात सूची में कई बदलाव भी किए गए।
ज्योति रौतेला को बनाया प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष
कांग्रेस ने ज्योति रौतेला को प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाया है। बता दे कि सरिता आर्य के पार्टी छोड़ने के बाद से यह पद रिक्त चल रहा था। वहीं, कमलेश रमन, अलका पाल, भागीरथी बिष्ट और मनोरमा डोबरियाल शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष नामित किया है।
ओमगोपाल ने भाजपा छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ली
ओमगोपाल ने भाजपा छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ली। आज बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ओमगोपाल को प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई। ओमगोपाल को नरेंद्रनगर से कांग्रेस प्रत्याशी बनाएगी।