नई दिल्ली: भाजपा ने उत्तर प्रदेश के उन्नाव से विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को पार्टी से निकाल दिया है। केंद्रीय भाजपा नेतृत्व द्वारा आरोपी सेंगर को निष्कासित किये जाने की घोषणा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखनऊ में की। यह कार्रवाई सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़ित और उसके वकील के उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के चार दिन बाद हुई है। तेज रफ्तार ट्रक द्वारा पीड़ित की कार में टक्कर मारे जाने से कार में सवार पीड़ित की दो रिश्तेदारों की भी मौत हो गई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि 2017 में सेंगर ने अपने घर पर उससे दुष्कर्म किया था। उस वक्त वह नाबालिग थी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के बांगरमऊ से विधायक सेंगर को निष्कासित किए जाने के मामले पर ट्वीट कर कहा, 'भाजपा ने एक अपराधी को सशक्त बनाए जाने की बात स्वीकार की। स्वयं को सुधारने के लिए कदम उठाया।' कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीड़ित की कुशलता और रविवार को हुए हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिये हवन किया। समाजवादी पार्टी ने इस पूरे मामले में सीएम आदित्यनाथ से इस्तीफा मांगा है।
वहीं, विपक्ष के आरोपों के बीच मथुरा में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘‘प्रदेश में अपराधियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जहां भी जो भी गलत होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर की जाएगी। फिर चाहे वह कोई भाजपा का विधायक हो, अथवा किसी विपक्षी दल का।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक मामला उन्नाव घटना का है, तो भाजपा के निलंबित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सदस्यता पार्टी ने पूरी तरह से खत्म कर दी है और कानून अपने हिसाब से काम कर रहा है। मामले की जांच सीबीआई को सौंपी दी गई है।’’
आपको बता दें कि कुलदीप सेंगर उन्नाव रेप केस में आरोपी हैं और इस वक्त जेल में बंद है। सीबीआई ने हाल ही में उनके खिलाफ एक और केस दर्ज किया है। सेंगर समेत दस लोगों के खिलाफ सीबीआई ने उन्नाव केस की पीड़िता के हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं पर केस दर्ज किया है।