लखनऊ: उन्नाव कांड पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को लखनऊ में पीड़िता से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने भाजपा और उसकी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और सरकार कुछ भी कह सकती है और कुछ भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस वो कह रही है जो सरकार कहलवाना चाहती है। अखिलेश यादव ने पूछा कि क्या हमने डायल 100 इसलिए दिया था ताकि जनता को न्याय न मिले। सपा अध्यक्ष ने कहा कि मैंने संसद में कहा कि सिटिंग जज के अंडर कमेटी का गठन हो, तभी बेटी (पीडि़ता) की जान बचेगी। भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि बहुत संस्कारी पार्टी है भाजपा वो क्यों कार्रवाई करेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में नहीं है। जो दोषी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को परिवार की मदद करनी चाहिए और न्याय दिलाना चाहिए। समाजवादी पार्टी परिवार के साथ है। यूपी वो प्रदेश है जिसने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति दिया है। क्या एक बेटी को न्याय नहीं दिलाया जा सकता है।
उन्होंने कहा, आरोपी विधायक जेल में हैं और क्षेत्र के सांसद जीतने के बाद आरोपी विधायक को धन्यवाद कहने जेल जाते हैं। ऐसे में स्थानीय प्रशासन से कोई उम्मीद नही की जा सकती। वह मामले को रफा दफा करने की कोशिश करेगा। विधायक का प्रभाव है और जेल में रहकर भी वह प्रभावशाली है। ऐसे में इस सड़क दुर्घटना की अलग से हाई कोर्ट के वर्तमान जज की निगरानी में सीबीआई जांच की जानी चाहिए। ताकि हकीकत सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि संसद के दोनों सदनों में यह मामला उठाया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर से उसके साथ खड़ी है। इस लड़ाई में सपा उनके साथ खड़ी है।
अगले 24 घंटे रेप पीड़िता व वकील की सेहत के लिए अहम
केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती उन्नाव रेप पीड़िता व वकील की सेहत के लिए अगले 24 घंटे अहम हैं। इलाज में जुटे डॉक्टरों का कहना है कि दोनों मरीज वेंटिलेटर पर भर्ती हैं। तबीयत स्थिर बनी हुई है। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि दोनों मरीजों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों मरीजों को रात से अभी तक दो और यूनिट खून चढ़ाया जा चुका है। हालत स्थिर लेकिन गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम दोनों मरीजों की निगरानी कर रही है।