ताज़ा खबरें
दिल्ली में 15 साल से अधिक पुराने वाहनों को नहीं मिलेगा पेट्रोल: सिरसा
उत्तराखंड हिमस्खलन में चार लोगों की मौत, 5 मजदूरों की तलाश जारी

लखनऊ (जनादेश ब्यूरो) : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उ.प्र. बार कौंसिल की नवनिर्वाचित अध्यक्ष कु. दरवेश यादव की कल आगरा कचहरी परिसर में हुई हत्या के बाद आज उनके एटा जनपद में स्थित पैतृक गांव चांदपुर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारीजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि सुश्री दरवेश यादव की गोली मारकर हुई हत्या से साबित हो गया है कि अब राज्य में हालात कानून के बाहर हो गए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि इस भाजपा सरकार से न्याय का भरोसा नहीं कर सकते हैं। मैं चाहता हॅू कि दरवेश यादव की हत्या का खुलासा हो और इसकी साजिश में कौन लगे थे तथा पुलिस की क्या भूमिका रही, इसका भी खुलासा हो। हाईकोर्ट के वर्तमान पीठासीन माननीय जज से दरवेश हत्याकाण्ड की जांच होनी चाहिए। उन्होंने मृतक के परिवार को 50 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की और कहा कि यदि भाजपा सरकार ने यह धनराशि नहीं दी तो समाजवादी सरकार आने पर यह रकम दी जाएगी।

यादव ने कहा कि चुनाव होते ही कई समाजवादी नेताओं की हत्याएं हो चुकी है। महिलाओं की चेनें छिन रही है। कई अपराधिक घटनाएं घटी है। हम इस सबका विवरण उत्तर प्रदेश के राज्यपाल महोदय को देंगे कि आखिर उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था कहां है? क्या बिना पुलिस संरक्षण के हत्या हो सकती हैं?

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में बलात्कार, हत्याओं और राजनीतिक हमलों की वारदातें बढ़ती ही जा रही हैं। मुख्यमंत्री जी मीटिंग पर मीटिंग ले रहे हैं लेकिन कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। मुख्यमंत्री जी बैठकों में व्यस्त हैं और अपराधी अपराध पर अपराध करते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री जी के स्तर पर और दूसरे बड़े अधिकारी समीक्षा बैठक करते हैं तभी बड़ी अपराधिक घटनाएं घट जाती है। कल जब मुख्यमंत्री जी बड़ी बैठक कर रहे थे, आगरा में बार कौंसिल अध्यक्ष की हत्या हो गई।

सीआरपीएफ के जवानों की शहादत पर दुख जताया

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने अमरनाथ यात्रा के रूट पहलगाम-अनंत मार्ग पर आतंकी हमले में सीआरपीएफ के जवानों की शहादत पर गहरा शोक जताते हुए संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इसमें उत्तर प्रदेश के दो जवान मुजफ्फर नगर निवासी कांस्टेबल श्री सतेन्द्र कुमार और गाजीपुर निवासी कांस्टेबल महेश कुमार कुशवाहा शहीद हुए है। यादव ने अनंतनाग में सुरक्षा बलों पर आतंकवादियों के हमले को कायराना बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।

उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रियों पर हमले की आशंका के बावजूद सुरक्षा प्रबंधो में ढील केन्द्र सरकार की असफलता है। केन्द्र सरकार की कश्मीर नीति दिशाहीन होने के कारण वहां की स्थिति सुधरने के बजाय बिगड़ती जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि कश्मीर में सुरक्षा बलों पर लगातार आतंकी हमले हो रहे हैं पर हर बार सुरक्षा के कड़े उपायों के थोथे दावे किए जाते हैं। कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियां अभी रूकी नहीं है। प्रधानमंत्री जी ने दावा किया था कि नोटबंदी से आतंकी गतिविधियों में कमी आएगी, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। कश्मीर आज भी जल रहा है। हर दिन सीमा पर अथवा श्रीनगर के इलाको में हमारे जवान शहीद हो रहे हैं।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख