मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वन महोत्सव के मौके पर बुधवार को गढ़मुक्तेश्वर पहुंचे। उन्होंने मेरठ के ब्रजघाट पर पौधारोपण और स्कूल चलो अभियान के तहत प्रचार-प्रसार के लिए बच्चों को किताबें और पुस्तकें बांटने के बाद एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में उन्होंने कहा कि गढ़मुक्तेश्वर में गंगा किनारे ब्रजघाट को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़मुक्तेश्वर का कार्तिक गंगा स्नान मेला ऐतिहासिक है और यह अपने आप में 5000 साल के इतिहास को समेटे हुए हैं। इसलिए उनकी सरकार इसे राजकीय दर्जा देगी। गढ़मुक्तेश्वर को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि भारत आस्था का देश है। जो भी आस्था पर प्रहार करेगा जनता उसे बख्शेगी नहीं। भाजपा सरकार अयोध्या, काशी और मथुरा और वृंदावन का विकास कर रही है। गढ़मुक्तेश्वर का विकास भी किया जाएगा। आज से ही यहां 24 घंटे बिजली दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने यूपी में बिजली के मामले में वीआईपी संस्कृति खत्म कर दी है। सारे जिला मुख्यालयों को अंबेडकर जयंती के दिन से ही 24 घंटे बिजली दे रहे हैं। तहसील मुख्यालयों को 20 घंटे बिजली मिल रही है। गांवों को भी 18 घंटे बिजली देंगे। उन्होंने ये भी कहा कि शिक्षा को सुधारा जा रहा है। सीबीएसई और एनसीआरटी की तर्ज पर पढ़ाई कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उनके हेलीकॉप्टर को यहां प्रशासन ने उतरने नहीं दिया था। उस वक्त वह गढ़मुक्तेश्वर आना चाहते थे। शायद तब मां गंगा ने सोचा होगा कि मैं यहां खाली हाथ नहीं आऊँ मां गंगा की कृपा रही होगी कि मोदी के नेतृत्व में मिली उपलब्धियों और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रणनीति पर आप सब ने भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया। 100 दिन से ज्यादा की सरकार में अब तक नौजवानों महिलाओं और किसानों के लिए हमने विशेष योजनाएं बनाई हैं।