ताज़ा खबरें
आतंकियों ने पूर्व सैनिक के परिवार को बनाया निशाना, फौजी की मौत
आप को मिल रही 55 सीटें-महिलाएं जोर लगाए तो 60 ज्यादा: केजरीवाल
मेक इन इंडिया अच्छा आइडिया,पर सफल बनाने में फेल रहे पीएम: राहुल

लखनऊ: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए खेल अकादमी की स्थापना में प्रदेश सरकार पूरी मदद देगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के 6 जनपदों में दिव्यांगजन के लिए समेकित विद्यालय खोला जायेगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं आज (रविवार) यहां अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर रियो पैरा ओलम्पिक, 2016 की रजत पदक विजेता खिलाड़ी सुश्री दीपा मलिक से भेंट के दौरान की। यादव ने कहा कि खेलों के जरिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है तथा पारस्परिक सद्भाव और भाईचारे में वृद्धि होती है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार गम्भीर प्रयास कर रही है। प्रदेश में खेलों के लिए बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए, उन्हें पुरस्कृत, सम्मानित करने के साथ-साथ नौकरियों आदि के अधिक मौके उपलब्ध करा रही है।

लखनऊ: प्रदेश सरकार ने योग गुरु रामदेव प्रवर्तित पतंजलि आयुर्वेद के राज्य में 2,000 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दे दी है। इसमें यमुना एक्सप्रेसवे पर 450 एकड़ में फूड पार्क की स्थापना भी शामिल है। मामले से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि इसी सप्ताह उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने राज्य में पतंजलि आयुर्वेद के 2,000 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी। इसमें ग्रेटर नोएडा में 1,500 करोड़ रपये के निवेश से कृषि प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना का प्रस्ताव भी शामिल है। सूत्र ने कहा कि करीब 450 एकड़ जमीन की पहचान की गई है। यह जमीन ग्रेटर नोएडा संयंत्र को आवंटित की जाएगी। पंतजलि आयुर्वेद इस जमीन की खरीद करेगी। राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी ऐसे समय मिली है जबकि चर्चा थी कि पंतजलि आयुर्वेद अगले साल मार्च में विधानसभा चुनाव के बाद निवेश की घोषणा करेगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस निवेश प्रस्ताव को इसलिए तेजी से आगे बढ़ाने पर रचि दिखाई जिससे निवेशकों को प्रोत्साहित किया जा सके और रोजगार के अवसरों का सृजन किया जा सके। इससे पहले कंपनी के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की कि जमीन की पहचान का काम अग्रिम चरण में है और यह इकाई यमुना एक्सप्रेसवे के पास लगाई जा सकती है। ग्रेटर नोएडा संयंत्र अंतरराष्ट्रीय फूड पार्क होगा जो विदेशी तथा घरेलू बाजार की जरूरतों को पूरा करेगा।

लखनऊ: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की उपस्थिति में आज उनके सरकारी आवास पर गैलेक्सी वेन्चर्स तथा दक्षिण कोरिया के एमपीके ग्रुप के बीच एक एमओयू हस्ताक्षरित किया गया। इसके तहत एक संयुक्त उपक्रम के माध्यम से एमपीके ग्रुप द्वारा संचालित पिज्जा चेन ‘मिस्टर पिज्जा‘ ब्राण्ड के उत्पादों के लिए नोएडा में कारखाना स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस प्रयास के लिए बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की समाजवादी सरकार राज्य में उद्यमों की स्थापना के लिए कटिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा निवेशोन्मुखी नीतियां लागू की गईं, जिनके चलते उद्यमी यहां बड़े पैमाने पर निवेश कर रहे हैं। इससे प्रदेश के नौजवानों को रोजगार के बेहतर अवसर भी मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में देश की आबादी का एक बहुत बड़ा हिस्सा रहता है, इस कारण यहां बहुत बड़ा बाजार भी उपलब्ध है। तेजी से बढ़ते मध्यम वर्ग के कारण यहां उपभोक्ता वस्तुओं की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है। यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था वाला राज्य है। समाजवादी सरकार ने ‘मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण मिशन योजना‘ को लागू करने का फैसला लिया ताकि यहां फूड प्रोसेसिंग सेक्टर का विकास हो तथा पूंजी निवेश को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने भरोसा जताया कि इस ज्वाइन्ट वेन्चर की स्थापना हो जाने पर राज्य के नौजवानों को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन की कवायद के बीच कांग्रेस के लिये काम कर रहे चुनावी रणनीतिकार प्रशान्त किशोर ने रविवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से एक बार फिर मुलाकात करके हलचलें बढ़ा दी हैं। प्रशान्त किशोर (पीके) से जुड़े करीबी सूत्रों ने बताया कि पीके ने सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की। दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई। माना जा रहा है कि इस दौरान महागठबंधन बनाने पर बातचीत हुई। पीके की इस मुलाकात से प्रदेश में सपा, उसके साथ गठबंधन के इच्छुक दलों जदयू, रालोद, राजद तथा कांग्रेस का महागठबंधन बनाये जाने की अटकलें और तेज हो गयी हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की चुनावी नैया पार लगाने की जिम्मेदारी सम्भाल रहे पीके ने चार नवम्बर को नई दिल्ली में सपा प्रमुख से भेंट की थी। हालांकि, सपा अभी इस मुद्दे पर अपने पत्ते नहीं खोल रही है। पार्टी के प्रान्तीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी राज्य मुख्यालय पर एक बैठक के बाद संवाददाताओं द्वारा महागठबंधन के बारे में पूछे जाने पर कहा कि जब गठजोड़ हो जाएगा, तभी इस बारे में कोई बात की जाएगी। मालूम हो कि बिहार विधानसभा चुनाव स पहले बने महागठबंधन में सपा अहम घटक था। उसका नेतृत्व सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को सौंपा गया था, लेकिन चुनाव से ऐन पहले सपा अपेक्षित संख्या में सीटें ना मिलने का हवाला देते हुए पीछे हट गयी थी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख