नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के सांसद सुरेंद्र नागर ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। नीरज शेखर के बाद सपा छोड़ने वाले वह दूसरे नेता हैं। माना जा रहा है कि वह भी भाजपा में शामिल होंगे। इस बार सपा को झटका पश्चिमी यूपी में लगा है। सुरेंद्र नागर पश्चिमी यूपी से आते हैं। उनके बारे में कुछ समय से सपा छोड़ने की चर्चाएं गरम थीं। सुरेंद्र नागर गुर्जर समुदाय से आते हैं। उनका पश्चिमी यूपी में दूध का बड़ा व्यापार है। वह गौतमबुद्धनगर से बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं।
सूत्र बताते हैं कि अब सपा के दो और सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं। इनमें एक तो बुंदेलखंड से हैं। दूसरे मध्य यूपी से आते हैं। सपा में रह चुके एक नेता वरिष्ठ नेता अपने संपर्कों के जरिए अपनी पार्टी के कुछ और सांसदों को साधने में लगे हैं। सपा के एक सांसद ने तो इस्तीफा देने व भाजपा में जाने से इंकार भी कर दिया है। सपा सांसदों को लाने में जुटे यह नेता भाजपा में हैं। अब यूपी से राज्यसभा की दो सीटें खाली हैं और इन पर जल्द उपचुनाव होगा।
राज्यसभा में सपा के अब 11 सदस्य
सुरेंद्र नागर के इस्तीफे के बाद अब सपा में 11 सदस्य बचे हैं। इनमें इनमें जावेद अली, तजीन फातमा, विशम्भर प्रसाद निषाद, जया बच्चन, डॉ. चंद्रपाल सिंह, प्रो. रामगोपाल, चौधरी सुखराम सिंह, बेनी प्रसाद वर्मा, रवि प्रकाश, संजय सेठ व रेवती रमण हैं।