लखनऊ: एक बार फिर से यमुना एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार का कहर बरपा है। आगरा के पास झरना नाले में डबल डेकर एसी बस गिर गई। हादसे में 29 यात्रियों की मौत हो गई है। मृतकों में डेढ़ साल की बच्ची भी शामिल है। वहीं 22 लोग घायल हैं। यह दर्दनाक हादसा आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र में हुआ है।। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी लगने के चलते बस बेकाबू चार फुट ऊंची रेलिंग पर चढ़ गई। इसके बाद खाई में जा गिरी। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। अब तक 30 लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाए गए हैं। बस में करीब 40 से 45 लोग सवार थे। बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। जब बस यमुना एक्सप्रेस वे पर झरना नाले के पास पहुंची तो ड्राइवर को झपकी आ गई।
डबल डेकर एसी स्लीपर बस लखनऊ से रविवार रात को चली गई थी। सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे थाना एत्मादपुर क्षेत्र में यह हादसा हो गया। चालक को झपकी आने से बेकाबू हुई बस यमुना एक्सप्रेस वे से 60 फीट नीचे झरना नाले में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ रही थी। बस डिवाइडर से टकराकर एक फुट ऊंचे डिवाइडर पर चढ़ी, फिर चार फुट ऊंची रेलिंग पर 25 मीटर तक घिसटती गई।
इस दौरान टायर फट गया और 60 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त ज्यादातर लोग नींद में थे। 29 लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल यात्री ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों को पुलिस ने आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
सीएम योगी ने किया मुआवजे का एलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एसपी और डीएम को मौके पर पहुंचकर घायलों को जल्द इलाज दिलाने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवार वालों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
आगरा के जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार ने भी बताया कि इस हादसे में 29 शवों को निकाला जा चुका है। एक घंटे में राहत बचाव पूरा हो सकता है। उन्होंने बताया कि नाले में पानी होने की वजह से मौतों का आंकड़ा ज्यादा है।
जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
रोडवेज बस हादसे का टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर-18001802877 जारी हो गया है। आरएम के फोन नंबर 9412781886 पर भी किसी सूचना के लिए सपर्क कर सकते हैं। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव और ट्रांसपोर्ट कमिश्नर आगरा आ रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस यमुना-एक्सप्रेस वे पर झरना नाले में गिर गई। उन्होंने बताया कि बचाव एवं राहत का काम जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक 29 शव निकाल लिए गये हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि 15 से 20 घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही। दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से बाहर निकाला जा रहा है।