लखनऊ: यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी, योगी सरकार और ईवीएम पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 'भाजपा के झूठ के खिलाफ किसी भी गठबंधन को तैयार हैं। इस गठबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।' अखिलेश ने यहाँ आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ गठबंधन के लिए वह सभी भाजपा विरोधी दलों के नेताओं से मिलेंगे। भारतीय जनता पार्टी पर उत्तर प्रदेश में जनता को धोखा देकर सरकार बनाने का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा, जनता को कहीं ना कहीं लगा है कि उसे धोखा देकर (भाजपा की ओर से) सरकार बनाने का काम किया गया है।उन्होंने कहा, पूरा का पूरा चुनाव धर्म और जाति के आधार पर लोगों के बीच नफरत फैलाकर लड़ा गया। धर्म और जाति के आधार पर जनता को लाभ देने की बात कहकर जनता से धोखे में वोट लिया गया। उन्होंने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पेंशन योजना को बंद किया जाना गरीबों के खिलाफ लिया गया फैसला है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि ईवीएम पर भरोसा नहीं किया जा सकता इसलिए वह चुनाव आयोग से बैलट से ही चुनाव कराने की मांग करते हैं। उन्होंने कहा, ईवीएम कब खराब हो जाए। सॉफ्टवेयर कब धोखा दे जाए। मशीन पर कोई भरोसा नहीं कर सकता। हमें ईवीएम पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा, हमें सौ प्रतिशत भरोसा अपने बैलट पर है।
हमारी मांग है कि चुनाव बैलट से हो। हम नहीं कहते कि ईवीएम अच्छी है या खराब। गौरतलब है कि शुक्रवार को बीएसपी प्रमुख मायावती ने भी भाजपा विरोधी दलों से हाथ मिलाने की बात कही थी।