ताज़ा खबरें
बंगाल: मुर्शिदाबाद हिंसा में तीन की मौत, 110 से ज्यादा लोग गिरफ्तार
'यह सेना वेना सब नकली है, यह सब बीजेपी वाले हैं': अखिलेश यादव
नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों पर कब्जा लेने के लिए ईडी ने भेजे नोटिस
जम्मू में मुठभेड़ में सेना के जेसीओ शहीद, घुसपैठ की कोशिश नाकाम

देहरादून: उत्तराखंड के पांचवें विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत प्राप्त करने के बाद भाजपा के नेता विधायक दल चुने गए पुष्कर सिंह धामी बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। देहरादून के परेड मैदान में दोपहर ढाई बजे आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री और योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री धामी के अलावा मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। समझा जा रहा है कि मुख्यमंत्री सहित पूर्ण 12 सदस्यीय मंत्री परिषद शपथ ग्रहण करेगी। कुछ नए चेहरों को राज्य मंत्री बनाया जा सकता है। समारोह में संत समाज को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

धामी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को मेगा इवेंट बनाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंकी हुई है। शपथ ग्रहण को भव्य स्वरूप देने के साथ ही इसके माध्यम से यह संदेश देने का भी पार्टी प्रयास करेगी कि राज्य में विकास की रफ्तार को तेजी से बढ़ाने और जनाकांक्षाओं को पूरा करने के प्रयासों में कोई कमी नहीं आने देगी।

उत्तराखंड से विशेष लगाव रखने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति समारोह को गरिमा प्रदान करेगी। उनके अलावा गृह मंत्री शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी समेत कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष सहित पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, उप्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या समेत अन्य अतिथि शपथ ग्रहण के साक्षी बनेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के अनुसार समारोह में साधु-संतों, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारियों, प्रबुद्धजनों, मातृशक्ति समेत हर वर्ग के व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है। इससे पहले बुधवार सुबह मंडल स्तर तक के सभी कार्यकत्र्ता मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे तो गुरुद्वारों में अरदास होगी।

शपथ ग्रहण समारोह दोपहर ढाई बजे शुरू होगा। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री धामी अपने 11 मंत्रियों के साथ शपथ ग्रहण कर सकते हैं। मंत्री परिषद में इस बार पिछले मंत्रिमंडल के कुछ सदस्यों की छुट्टी हो सकती है। ऐसे में नए चेहरों को अवसर देने के साथ सरकार में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जा सकता है।

चर्चा है कि धामी मंत्रिमंडल के 11 सदस्यों के नाम तय करने के मद्देनजर केंद्रीय नेतृत्व को सूची भेजी गई है। इसमें सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, बिशन सिंह चुफाल, प्रेमचंद अग्रवाल, रेखा आर्य, बंशीधर भगत, गणेश जोशी, चंदनरामदास, खजानदास, सौरभ बहुगुणा, ऋतु खंडूड़ी, उमेश शर्मा काऊ, प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान, प्रीतम पंवार आदि के नाम मुख्य रूप से शामिल हैं। मंत्रिमंडल के लिए किस-किसके नाम पर मुहर लगती है, इसे लेकर बुधवार सुबह तक ही तस्वीर साफ हो पाएगी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख