ताज़ा खबरें
दिल्ली सरकार ने श्रमिकों का न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने की घोषणा की
आरोपी अक्षय शिंदे को गोली मारने से बचा जा सकता था: बॉम्बे हाई कोर्ट
कंगना के कृषि कानूनों पर दिए बयान पर घमासान, बीजेपी ने बनाई दूरी

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को छह जिलों की 26 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। दोपहर 1 बजे तक 36.93 प्रतिशत मतदान हुआ है। श्रीनगर में वोटिंग की रफ्तार धीमी चल रही है और कम लोग ही घरों से वोट डालने के लिए निकल रहे हैं। बता दें दूसरे चरण के चुनाव में शामिल अनेक क्षेत्र अलगाववादी गतिविधियों के केंद्र रहे हैं, इसलिए इन इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस चरण में कश्मीर घाटी की 15 विधानसभा सीटों और जम्मू संभाग की 11 सीटों पर वोटिंग हो रही है। दूसरे चरण में 26 सीटों पर 25.78 लाख मतदाता 239 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

कश्मीर के श्रीनगर जिले के निर्वाचन क्षेत्र हजरतबल, खानयार, हब्बाकदल, लाल चौक, चन्नापोरा, जदीबल, सेंट्रल शाल्टेंग और ईदगाह में मतदान होगा। बडगाम जिले के खंड बडगाम, बीरवाह, खानसाहिब, चरार-ए-शरीफ और चादूरा में वोटिंग चल रही है। इसके अलावा गांदरबल जिले के दो निर्वाचन क्षेत्रों कंगन और गांदरबल में भी मतदान हो रहे हैं।

जम्मू संभाग में गुलाबगढ़, रियासी, श्री माता वैष्णो देवी, कालाकोट-सुंदरबनी, नौशेरा, राजौरी, बुद्धल, थन्नामंडी, सुरनकोट, पुंछ हवेली और मेंढर में वोटिंग की जा रही है।

जम्मू कश्मीर में दूसरे चरण में शामिल कई क्षेत्र संवेदनशील हैं। इस चरण में शामिल कश्मीर की सीटों में से ज्यादातर में अलगावादियों का असर देखा जाता रहा है। इनमें खनयार, जदीबल, लाल चौक, ईदगाह, हजरतबल आदि शामिल हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।

चुनाव आयोग विधानसभा चुनाव में सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रहा है। ईवीएम की सुरक्षा को लेकर खास निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे सभी मतदान केंद्रों पर लगाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग सुविधाएं होंगी।

तीन चरणों में मतदान

जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान हो रहा है। पहले चरण में 24 सीटों के लिए 18 सितंबर को वोटिंग हुई थी। दूसरे चरण में 26 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। अंतिम चरण में शेष 40 सीटों के लिए एक अक्टूबर को वोटिंग होगी। चुनावा परिणाम आठ अक्टूबर को मतगणना के बाद घोषित होंगे।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख