ताज़ा खबरें
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर नौ महीने बाद पृथ्वी पर सुरक्षित लौटे

आगरा: यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार देर शाम बड़ा एलान किया। आगरा में निर्माणाधीन मुगल म्यूजियम अब छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार राष्ट्रवादी विचारों को पोषित करने वाली है। गुलामी की मानसिकता के प्रतीक चिन्हों को छोड़, राष्ट्र के प्रति गौरवबोध कराने वाले विषयों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। हमारे नायक मुगल नहीं हो सकते। शिवाजी महराज हमारे नायक हैं। मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।

मंडलायुक्त के साथ-साथ जनपद आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और मथुरा के जिलाधिकारियों से जनपद में प्रस्तावित और जारी विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विवरण प्राप्त करते हुए मुख्यमंत्री ने संपूर्ण ब्रज क्षेत्र में पेयजल की समस्या के निस्तारण के लिए जारी परियोजनाओं को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल की सुविधा हर नागरिक का अधिकार है, इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा मेट्रो और एयरपोर्ट परियोजनाओं में कतई देरी न की जाए, अगर कहीं समस्या आ रही है तो तत्काल बताएं, जरूरत पड़ी तो केंद्र सरकार से भी वार्ता की जाएगी।

बीते दिनों जारी देश के स्मार्ट सिटीज की रैंकिंग में आगरा का स्थान पूरे देश में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय एवं उत्तर प्रदेश में घोषित स्मार्ट सिटी की सूची में प्रथम स्थान पर है। मुख्यमंत्री ने इस पर हर्ष जाहिर करते हुए स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। आगरा में कोविड मृत्यु-दर को कम करने के प्रयास तेज करने के निर्देश देते सर्विलांस पर जोर देने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

अधिकारियों को निर्देश:

- फिरोजाबाद मेडिकल कालेज और जनपद मैनपुरी के सैनिक स्कूल एवं राजकीय इंजीनियरिंग कालेज को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में लाने के ठोस प्रयास हों। इनके भवन निर्माण के अवशेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए। धन की कमी नहीं होगी, पर गुणवत्ता में कमी स्वीकार्य नहीं। 

- जनपद आगरा में मुगल म्यूजियम ईस्टर्न गेट रोड परियोजना तथा ताज ओरिएंटेशन सेन्टर शिल्पग्राम परियोजना के अंतर्गत मल्टीलेबिल पार्किंग के निर्माण का कार्य तत्परता से पूर्ण किया जाए। 

- जनपद फिरोजाबाद में सीवरेज योजना का कार्य 98 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है। इसकी गुणवत्ता परखी जाए। जन सुविधाओं के लिहाज से सीवरेज प्रबंधन शहरों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

- भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में धार्मिक पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। वृन्दावन स्थित नदी के घाटों का विस्तार, नवीनीकरण एवं सुंदरीकरण की परियोजना पर्यटन को नवीन आयाम देगी। जनभावनाओं को समझते हुए इसे पूर्ण किया जाए। 

- ग्राम पंचायतों में जो ग्राम सचिवालय बनने हैं, उनके प्रस्ताव शीघ्र भेजें। गांवों के सामुदायिक शौचालयों के लिए ऐसी जगहों का चयन करें जहां उनका अधिकतम उपयोग हो।

 

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख