ताज़ा खबरें
पंजाब सीएम के साथ बैठक रही बेनतीजा, किसान विरोध प्रदर्शन पर अड़े
मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को बीएसपी से किया निष्कासित
पूर्व सीएम राबड़ी ने सस्ती गैस समेत कई मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के पास गिनाने को न तो विकास कार्य हैं और बताने के लिए न कोई उपलब्धि तो वे बहकी-बहकी बातें करने लगे हैं। अपनी सरकार में बिगड़ते हालात पर ध्यान देने के बजाय समाजवाद और समाजवादियों को लेकर वे अधिक चिंतित रहते हैं। अखिलेश यादव ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि समाज में नफरत और दूरी पैदा करने की भाजपा की लगातार कोशिश रहती है।

उन्होंने कहा, भाजपा का महात्मा गांधी, सरदार पटेल, आचार्य नरेन्द्र देव, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और लोहिया की विचारधारा से कभी कोई संबंध नहीं रहा है। ये सभी स्वतंत्रता सेनानी थे जबकि आरएसएस स्वतंत्रता आंदोलन का कभी हिस्सा नहीं बना था। भारत के संविधान में जहां पंथनिरपेक्षता और लोकतंत्र है वहीं समाजवाद का भी उल्लेख है। इस समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम समाजवादी पार्टी कर रही है। जो समाज के सबसे गरीब, शोषित और वंचित वर्ग की आवाज बन गई है।

उन्होंने कहा, विशेषाधिकार प्राप्त लोग ही इसमें जातिवाद ढूढ़ते हैं। यह पूरी तरह से योजनाबद्ध ढंग से प्रचारित झूठ है। इसका फायदा खास पोषक वर्ग को मिलता रहे इसलिए भाजपा यह भ्रांति फैलाती है। भाजपा समाजवादी पार्टी के विरुद्ध नफरत भरी साजिश इसलिए भी करती है क्योंकि वह सामाजिक न्याय से महापरिवर्तन का आह्वान कर उस दिशा में प्रयासशील है। भाजपा सामाजिक असमानता को बनाए रखना चाहती है क्योंकि तभी कारपोरेट दुनिया उसकी संरक्षक बनी रहेगी।

उन्होंने कहा, समाजवाद के प्रति अनर्थ की अभिव्यक्ति भी इसीलिए भाजपा नेतृत्व करता रहता है। भाजपा को यह बात गांठ बांध लेनी चाहिए कि जब तक सामाजिक विषमता और अन्याय रहेगा। तब तक समाजवादी विचारधारा की सार्थकता बनी रहेगी। उपदेशों और प्रवचनों से भूखों का पेट नहीं भरता है। जन-समस्याओं के समाधान की दिशा में भाजपा को काम करना चाहिए। जनता का ध्यान मूल समस्याओं से भटकाने के लिए ही अब भाजपा सांसदों की पदयात्रा का ढोंग करने जा रही है। जनता समस्याओं से कराह रही है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख