हाथरस / मथुरा: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सपा मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए आज (शनिवार) कहा कि ‘दोनों खूबसूरत शहजादे’ जनता को गुमराह कर रहे हैं। शाह ने यहां एक जनसभा में कहा, ‘‘ये दोनों खूबसूरत शहजादे :अखिलेश एवं राहुल: जनता को गुमराह कर रहे हैं। एक अपनी मां से परेशान है तो दूसरा अपने बाप से परेशान है।’’ उन्होंने वायदा कि कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर हाथरस और आसपास चल रही वधशालाओं को बंद करा दिया जाएगा। शाह ने कहा कि पहले भारत देश की सीमाओं पर पाकिस्तानी सैनिक गोलीबारी करते थे लेकिन अब हमारी सरकार के आदेश से सेना इंतजार नहीं करती बल्कि गोली का जवाब गोले से देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो मथुरा के जवाहरबाग कांड की जांच करायी जाएगी और जमीनों पर कब्जा करने वालों को जेल भेजा जाएगा। वहीं शाह ने मथुरा में कहा, ‘‘अखिलेश यादव आजकल हर सभा में जनता के सामने मोदीजी से अच्छे दिन आने का सवाल पूछ रहे हैं। इसका उत्तर वो खुद क्या देंगे, मैं देता हूँ।..आप जाएंगे, तभी प्रदेश के लोगों के अच्छे दिन आएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यमुना की लहरें दुनिया भर के लोगों के लिए श्रद्घा का केंद्र हैं।
लेकिन इसकी हालत देखकर दिल रो उठता है। भारत सरकार ने यमुना की स्थिति में बदलाव लाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से बहुत आग्रह किया है लेकिन उन्होंने कोई सहयोग नहीं दिया।’’