ताज़ा खबरें
एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन तय, साथ लड़ेंगे अगला विधानसभा चुनाव
झारखंड में बीजेपी को झटका,पूर्व अध्यक्ष ताला मरांडी जेएमएम में शामिल
तहव्वुर राणा 18 दिनों की एनआईए कस्टडी में, एजेंसी करेगी पूछताछ

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर यूपी सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने रविवार को आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ सरकार की कार्यशैली से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

अखिलेश यादव ने यहां जारी एक बयान में कहा है कि उत्तर प्रदेश में खुलेआम सत्ता संरक्षित अपराध हो रहे हैं। हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाओं से आम जनता में दहशत व्याप्त है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। व्यापारियों का जान-माल सुरक्षित नहीं है। महिलाओं में असुरक्षा व्याप्त हो गयी है। प्रयागराज के धूमनगंज में छेड़छाड़ का विरोध कर रहे फौजी की हत्या और ग्रेटर नोएडा में अपहृत बच्चे की हत्या कर दी गई। इसके अलावा औरैया में सर्राफ की गोली मार कर हत्या एवं लूट की घटनाएं उत्तर प्रदेश को शर्मसार कर रही हैं। 

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की कार्यशैली से अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं। बदहाल कानून व्यवस्था का आलम यह है कि पुलिस के अधिकारियों पर भी हमले होने लगे हैं। सरकार के पास दृढ़ इच्छाशक्ति का अभाव है।

भाजपा सरकार सूबे में शांति व्यवस्था कायम करने में पूरी तरह विफल हो गयी है।

यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में कानून का शासन बनाये रखने के लिए अनेक सुधार किए गए थे। यूपी डायल 100 द्वारा जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की विश्वस्तरीय व्यवस्था थी। महिला हेल्पलाईन 1090 से महिला उत्पीड़न की घटनाओं में लगातार कमी हो रही थी, लेकिन उत्तर प्रदेश में बीते चार वर्ष में भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस मशीनरी शिथिल हो गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी की बिगड़ती छवि पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार को प्रदेश की जनता को शांत और भयमुक्त बनाने की दिशा में कठोर फैसले लेने चाहिए। अराजकता और अपराध में संलिप्त दाषियों को दण्डित कर कानून को प्राथमिकता देना सरकार का लक्ष्य होना चाहिए। लेकिन जब भाजपा सरकार का एजेण्डा समाज का सद्भाव बिगाड़ना हो तो कानून का राज स्थापित कैसे होगा?

यादव ने कहा कि यूपी की जनता को अपराध मुक्त होने का झूठा सपना दिखाकर जनमत हासिल करने वाली भाजपा के खिलाफ जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। प्रदेश को खुशहाली, और प्रगति के रास्ते पर ले जाने के लिए समाजवादी सरकार बेहद जरूरी है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख