ताज़ा खबरें
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर नौ महीने बाद पृथ्वी पर सुरक्षित लौटे
जम्मू में घुसपैठ से जुड़े मामले में 12 स्थानों पर एनआईए की छापेमारी

हाथरस: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हाथरस गैंगरेप पीड़ित के परिवार से मिलने के लिए उसके गांव पहुंचे। गांव पहुंचते ही प्रियंका गांधी ने पीड़िता की मां को गले लगाया। प्रियंका ने गले लगाकर पीड़िता की मां को सांत्वना दी। दोनों ने पीड़िता के परिवार के साथ बंद कमरे में बातचीत की। बातचीत करीब एक घंटे तक चली। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि कोई भी ताकत हमें चुप नहीं करा सकती। राहुल ने कहा कि हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा, कोई ताकत पीड़िता के परिवार की आवाज नहीं दबा सकती।

वहीं, प्रियंका ने कहा, परिवार न्यायिक जांच और सुरक्षा चाहता है। हम अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा जहां जहां अन्याय होगा वहां जाएंगे और लड़ेंगे। परिवार न्यायिक जांच चाहता है। परिवार सुरक्षा चाहता है।   

इससे पहले यूपी सरकार ने राहुल और प्रियंका समेत पांच लोगों की ही हाथरस जाने की इजाजत दी है। हालांकि, राहुल-प्रियंका के साथ कांग्रेस के 35 सांसद जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें डीएनडी पर रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। राहुल और प्रियंका गांधी के डीएनडी पहुंचने से पहले वहां धारा 144 लगा दी गई थी।

गौरतलब है कि गैंगरेप की शिकार लड़की गंभीर हालात में कई दिन जीवन के लिए जूझती रही। उसकी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई थी।  

आज दोपहर में जैसे ही राहुल और प्रियंका गांधी के हाथरस जाने की खबर मिली यूपी प्रशासन ने डीएनडी टोल नाके को बंद कर दिया। जब राहुल गांधी वहां पहुंचे तो उन्हें रास्ता दे दिया गया लेकिन उससे पहले वहीं मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। राहुल और प्रियंका को इस शर्त के साथ जाने की अनुमति दी गई कि अधिकतम पांच लोग जा सकते हैं। 

एडीजी लव कुमार ने कहा कि हमने राहुल और प्रियंका गांधी सहित सिर्फ़ पांच लोगों को इजाज़त दी है। राहुल गांधी के साथ कुछ कार्यकर्ता आगे जाने के लिए अड़े हुए थे। हल्का सा बल प्रयोग किया गया है। राहुल गांधी को पीड़ित परिवार से मिलने दिया जाएगा। यूपी पुलिस राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पीड़ित परिवार से मिलने से नहीं रोकेगी। क़ानून व्यवस्था के लिए ट्रैफ़िक रोका गया है. थोड़ी देर में सब बैरियर खोल दिए जाएंगे। 

इसके बाद राहुल और प्रियंका के साथ कांग्रेस के सांसद केसी वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी और पीएन पुनिया हाथरस रवाना हो गए। हाथरस पहुंचने के बाद शाम को राहुल व प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

 

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख