प्रयागराज: राम मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास की तारीख नजदीक आने के साथ विवाद भी शुरू हो गया है। सपा के सरंक्षक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को लेकर बहरिया के ब्लाक प्रमुख की विवादित टिप्पणी पर पार्टी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने बुधवार को एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बहरिया के ब्लाक प्रमुख कुलदीप पांडेय ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए सपा सरंक्षक को लेकर गंभीर टिप्पणी की है। उन्होंने उस समय की वीडियो क्लिपिंग के साथ सोशल मीडिया पर इसे पोस्ट किया है। इस मामले में कुलदीप का कहना है कि उस समय की घटना को याद करते हुए यह टिप्पणी की गई है। मुलायम सिंह ने उस समय जो किया था वही लिखा गया है। इसमें कुछ भी अमर्यादित नहीं है।
इसके विपरीत सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है। एसएसपी कार्यालय पहुंचे निवर्तमान जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह, महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुुसैन का कहना था कि ब्लाक प्रमुख ने पार्टी संरक्षक के लिए अशोभनीय और अमर्यादित भाषा का उपयोग किया है। इससे लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।
कार्यकर्ताओं ने ब्लाक प्रमुख के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं किए जाने पर सडक़ पर उतरकर आंदोलन की भी चेतावनी दी। पूर्व प्रदेश सचिव नरेंद्र सिंह ने कहा कि इस तहर की अमर्यादित भाषा क्षम्य नहीं है। पूर्व जिलाध्यक्ष पंधारी यादव का कहना था कि मुलायम सिंह यादव के खिलाफ इस तरह की भाषा का उपयोग करना घृणित मानसिकता का परिचायक है। ज्ञापन साैंपने वालों में गीता पासी, डॉ.मान सिंह, दूधनाथ पटेल, दान बहादुर मधुर, सै.मो.अस्करी, हृदय लाल मौर्य, अनिल यादव, कुलदीप यादव, डॉ.महेश यादव आदि शामिल रहे।