लखनऊ: कानपुर एनकाउंटर के मुख्य आरोपी विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी सरकार से किया है। अखिलेश ने कहा कि सरकार साफ करे यह आत्मसमर्पण है या गिरफ़्तारी हैै। अखिलेश यादव ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि ख़बर आ रही है कि ‘कानपुर-काण्ड’ का मुख्य अपराधी पुलिस की हिरासत में है। अगर ये सच है तो सरकार साफ़ करे कि ये आत्मसमर्पण है या गिरफ़्तारी। इसके साथ ही उसके मोबाइल की सीडीआर सार्वजनिक करे जिससे सच्ची मिलीभगत का भंडाफोड़ हो सके।
आपको बता दें कि मध्यप्रदेश पुलिस ने कानपुर एनकाउंटर के मुख्य आरोपी और 5 लाख के इनामी विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार कर लिया है। विकास दुबे पर आठ पुलिसवालों की हत्या करने का आरोप है। पिछले कुछ दिनों से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए हरियाणा और दिल्ली में दबिश दे रही थी। यूपी पुलिस विकास दुबे के पांच साथियों को एनकाउंटर में ढेर कर चुकी है। वहीं कई साथियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी विकास दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मंदिर के पुजारी ने पुलिस को बुलाकर विकास दुबे की जानकारी दी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।