ताज़ा खबरें
दिल्ली में 15 साल से अधिक पुराने वाहनों को नहीं मिलेगा पेट्रोल: सिरसा
उत्तराखंड हिमस्खलन में चार लोगों की मौत, 5 मजदूरों की तलाश जारी

रायबरेली: कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक लोगों के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने बिना नाम लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कुछ लोग अमर्यादित आचरण करते रहे। ऐसे लोग नहीं जानते हैं कि सत्ता हमेशा किसी की नहीं रहती। जरूरी है कि स्वस्थ परंपराएं और नैतिकता जीवित रखी जाए। नेहरू-गांधी परिवार ने देश के लिए त्याग और बलिदान दिया है।

रायबरेली के लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार जताने के लिए बुधवार को यहां भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित सभा में एक कार्यकर्ता द्वारा ईवीएम से छेड़छाड़ का मुद्दा उठाए जाने पर सोनिया ने कहा कि सब जानते हैं कि लोकसभा में यह स्वस्थ जनादेश नहीं है। बिना आग के धुआं नहीं होता। इसकी जांच होनी ही चाहिए। इस मुद्दे पर भी देश में आम राय बनाने के लिए लोगों को तैयार करना होगा।

सोनिया ने कहा कि लोकतंत्र में सदन ही सब कुछ नहीं होता। माना कि सदन में पार्टी की संख्या कम है लेकिन देश के 12 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने कांग्रेस में विश्वास व्यक्त किया है। इसलिए कांग्रेस आम लोगों के हक के लिए सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करेगी। कार्यकर्ताओं को भी इसके लिए अभी से तैयार होना होगा। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता किसी की हमेशा नहीं रहती।

जीवन भर करती रहूंगी रायबरेली की सेवा

लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार यहां पहुंचीं कांग्रेस संसदीय दल की नेता एवं सांसद सोनिया गांधी ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं का आभार जताने के साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को पहले से अधिक मेहनत करने और आम लोगों की आवाज उठाने की नसीहत भी दी। करीब घंटे भर चली आभार सभा में प्रियंका गांधी ने जिले में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कड़े फैसले लेने के संकेत भी दिए।

संगठन नहीं जनता ने लड़ा चुनाव: प्रियंका

सभा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि जो बोलने जा रही हूं, वह आप सबको अच्छा नहीं लगेगा लेकिन अब मैं कहूंगी सच ही। रायबरेली में असली चुनाव जनता-जनार्दन ने लड़ा। यह जीत जनता की है। संगठन से चुनाव में उतना सहयोग नहीं मिला जितनी अपेक्षा थी। अगली बार मैं आकर यहां के संगठन की समीक्षा करूंगी। समीक्षा के आधार पर ही संगठन में कड़े फैसले उठाए जाएंगे।

कार्यकर्ताओं के साथ किया डिनर

आभार सभा के बाद सोनिया-प्रियंका गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही डिनर भी किया। गेस्टहाउस में लोस क्षेत्र के करीब तीन हजार कार्यकर्ता बुलाए गए थे। सभी के लिए खाने का इंतजाम भी किया गया था।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख