लखनऊ: विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके समाजवादी पार्टी के यशवन्त सिंह, बुक्कल नवाब और बहुजन समाज पार्टी के ठाकुर जयवीर सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इस दौरान तीनों एमएलसी ने अपनी पूर्व की पार्टी की तमाम खामियां बताते हुए भाजपा को सबसे बेहतर पार्टी बताया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के समक्ष तीनों नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने भाजपा के रीति-नीति व सिद्धान्तों में आस्था जताई। प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने कहा, सपा बसपा में कार्यकर्ता पीडित हैं। ऐसे लोग अब भाजपा में आकर सुकून महसूस कर रहे हैं। भाजपा हर उस व्यक्ति का स्वागत करेगी जो अच्छा काम करते हैं। यशवन्त सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से परिषद से इस्तीफा दिया है और बिना शर्त पार्टी से जुडे़ हैं। उन्होंने कहा कि वे भाजपा के सिद्धान्तों, आदर्शों व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के कारण देश विकसित देशों की पंक्ति में खड़ा होने के लिए लगातार आगे बढ़ रहा है। वहीं बुक्कल नवाब ने कहा कि सपा में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा व अन्याय हो रहा है।
इसी प्रकार से ठाकुर जयवीर सिंह ने कहा कि बसपा में लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं है। यह पार्टी पूरी तरह से प्राइवेट लिमिटेड वाली पार्टी है। भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है और इसमें कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलता है। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश के ग्राम्य विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. महेन्द्र सिंह, कानून मंत्री ब्रजेश पाठक एवं वक्फ राज्यमंत्री मोहसिन रजा समेत पार्टी के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, मीडिया प्रभारी हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, विजय बहादुर मौजूद थे।