बुलन्दशहर: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस-सपा गठबंधन प्रदेश में ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति में भी नई दिशा तय करेगा। प्रदेश की जनता देख रही है कि दो युवा तथा दो पार्टी एक मंच पर खड़े होकर प्रदेश की सूरत बदल देंगे। राहुल गांधी आज खुर्जा में एक चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि वह देश की गरीब जनता व निर्धन वर्ग की मदद न करके केवल 50 परिवारों की मदद कर रहे हैं और उन्हीं अमीर परिवारों के एक लाख 10 हजार करोड़ का कर्ज माफ कर दिया। उन्होंने कहा कि मोदी जी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने की बात करते हैं लेकिन काम देश के 50 अमीर घरानों के लिए करते हैं। नोटबंदी का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि बैंको की लाइन में गरीब और मजदूर किसान लगा ना कि अमीर घरानों के सूट-बूट वाले लोग। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में मोदी ने बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था उनका यह वायदा केवल छलावा था। उन्होंने कहा कि किसानों को कर्ज माफी का आश्वासन दिया गया लेकिन कर्ज सिर्फ अमीरों का माफ किया गया। प्रदेश में गठबंधन की हवा नहीं आंधी चल रही है। प्रदेश में सपा गठबंधन की सरकार बनेगी।
राहुल ने कहा कि सरकार बनने पर युवा और किसानों की मदद की जायेगी। कांग्रेस व सपा दोनों ही प्रदेश की तरक्की में भागीदारी निभायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहर जिन चीजों के लिए प्रसिद्ध है उन्हें बढ़ावा देकर मेक इन कानपुर, मेक इन सहारनपुर, मेक इन खुर्जा, मेक इन भदोई के नाम से जाना जायेगा। कारीगरों और युवाओं को स्वयं का व्यापार करने के लिए ऋण उपलब्ध कराया जायेगा।