फर्रुखाबाद: बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को यूपी के फर्रुखाबाद में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को मजबूत न होने दें, नहीं तो ये लोग बेलगाम हो जाएंगे। मायावती ने नोटबंदी पर बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले से उद्योगपति मालामाल हुए। अब भाजपा की चाल आरक्षण खत्म करने की है। सतर्क हो जाएं। जो सरकार दिल्ली नहीं संभाल सकती वह यूपी क्या संभालेगा। उन्होंने इस सभा में भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा में चुनाव के लिए सीएम चेहरा देने की हिम्मत नहीं है। मायावती ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सरकार ने प्रचार में काफी पैसे बर्बाद किए हैं। यूपी में विकास नहीं हुआ। विकास आधे-अधूरे रहे हैं। तकरीबन करीब 12 मिनट के संबोधन के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार और सपा सरकार पर निशाना साधते हुए आलू किसानों का दर्द भी साझा किया। उन्होंने कहा कि हम यह वादा करते हैं कि आलू किसानों को फसल का लाभ नही मिलता है, हम उन्हें फसल का पूरा दाम दिलवाएंगे। सुरक्षा के लिए व्यापारी आयोग बनाएंगे इससे समस्याएं का हल हो जाएगा। इसके अलावा प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यस्था बेहद खराब है। सब मिलकर बसपा की सरकार बनाएंगे तो सपा के गुंडो का हम सफाया करके दिखाएंगे। तभी आपकी बहन-बेटियां घरों से आराम से निकल सकेंगी।
सपा की सरकार में जिसे न्याय नहीं मिला है उसे न्याय दिलवाएगे। मायावती ने कहा आपकी बसपा सरकार पहले की तरह ही चलेगी। इसलिए सब काम छोड़कर लोग वोट जरुर डाले, बसपा को मजबूत करे। यूपी सरकार के कार्यकाल पर बोलते हुए मायावती ने कहा कि सरकार का कार्यकाल पूरी तरह से निराशाजनक रहा है। केंद्र सरकार ने भी अपने वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने कालाधन पर वादा किया था कि सौ दिनों में कालाधन वापस लाया जाएगा और सभी को 15 लाख रुपये दिए जाएंगे। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने पुत्र मोह में शिवपाल को अपमानित किया है। ऐसे में शिवपाल यादव के लोग अखिलेश खेमे को हराने की कोशिश करेंगे। दोनों के वोट दो हिस्सों में बंट जाएगा। जो उन्हें वोट करेंगे, उनके वोट का फायदा बीजेपी को जाएगा।