लखनऊ: भाजपा और बसपा के बीच साठगांठ का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार में वरिष्ठ मंत्री आजम खान ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती का मुसलमानों को भ्रमित करने का प्रयास विफल हो जाएगा। राज्य में सपा 350 सीटें जीत कर भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। राम मंदिर के मुद्दे पर लोगों से झूठे वादे करने का भाजपा पर आरोप लगाते हुए आजम खान ने कहा कि अयोध्या में विवादास्पद ढांचे और राम मंदिर के नाम पर भाजपा ने लोगों से झूठे वादे किए। खान ने कहा, विवादास्पद ढांचे के बारे में कोई भी फैसला अदालत सुनाएगी। जब मुसलमानों को यह फैसला मंजूर होगा तो फिर भाजपा वाले इसे खुलकर स्वीकार करने की बात क्यों नहीं करते। उन्होंने कहा कि पूर्व में मायावती भाजपा के साथ सरकार बना चुकी हैं और उसके लिए प्रचार कर चुकी हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती पर निशाना साधते हुए आजम ने कहा कि मुसलमानों को 97 टिकट देना पर्याप्त नहीं है। बसपा अगर मुसलमानों को लुभाना चाहती है, उसे 403 सीटें इसी समुदाय के प्रतिनिधियों को देनी चाहिए था। आजम ने कहा कि अखिलेश यादव ने प्रदेश में चुनाव में 300 सीटें जीतने की बात कही है। यह उनकी विनम्रता है। हकीकत यह है कि हम 350 सीटें जीतने जा रहे हैं। सपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, राजनीति की प्रयोगशाला में राजनीति विज्ञान के प्रयोग होते हैं, बिहार में महागठबंधन का प्रयोग हुआ।
बिहार में यह प्रयोग सफल रहा। आम लोगों के बीच राय थी कि समान विचारधारा वाले धर्मनिरपेक्ष या इसके करीब लोगों या जो लोग कभी धर्मनिरपेक्ष रहे हैं, लेकिन राजनीतिक मजबूरियों के कारण रास्ता भटक गए हैं, उन्हें एकसाथ आना चाहिए। उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस का गठबंधन इसी दिशा में प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि कांग्रेस में कमियां नहीं हैं, लेकिन कांग्रेस का आजादी की लड़ाई में अहम रोल रहा और स्वतंत्रता हासिल करने के 50 साल के बाद तक कई बड़ी घटनाओं के बावजूद मुसलमान कांग्रेस के साथ रहे हैं।