ताज़ा खबरें
अर्धसैनिक बल की गाड़ी को नक्सलियों ने बनाया निशाना,दो जवान शहीद
नीट-यूजी परीक्षा में धांधली को लेकर सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर
शिक्षा व्यवस्था को सरकार ने किया माफिया-भ्रष्टाचारियों के हवाले: प्रियंका

कोलकाता (जनादेश ब्यूरो): पश्चिम बंगाल में भाजपा के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की बड़ी जीत से पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी काफी उत्‍साहित हैं। उन्‍होंने कहा कि इंतजार करें, कुछ दिनों के बाद इंडिया गठबंधन सरकार बनाएगा। साथ ही कहा कि सरकारें "कभी-कभी एक दिन के लिए चलती हैं।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले शनिवार को तृणमूल कांग्रेस की संसदीय दल की बैठक में बोलते हुए बनर्जी ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होगी क्योंकि सरकार "अवैध और अलोकतांत्रिक तरीके से" बनाई जा रही है।

पीएम मोदी और भाजपा इस बार अपने सहयोगियों पर निर्भर है। खासतौर पर चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी और नीतीश कुमार की जेडीयू पर क्योंकि हाल ही में संपन्न चुनावों में भाजपा को 240 लोकसभा सीटों पर जीत मिली है और वो बहुमत के आंकड़े से यह 32 कम है। 2014 से भाजपा ने अपने दम पर दो बार बहुमत हासिल किया है। अब जिस स्थिति में भाजपा पहुंची है, उस पर ममता बनर्जी ने कटाक्ष किया।

बंगाल की मुख्यमंत्री ने ममता बनर्जी कहा, “जिन्होंने 400 (लोकसभा सीटों) की बात की थी, वे अपने दम पर साधारण बहुमत भी नहीं हासिल कर सके। सिर्फ इसलिए यह मत सोचिए कि इंडिया गठबंधन ने (सरकार बनाने का) दावा नहीं किया है तो कुछ नहीं होगा। हम इंतजार कर रहे हैं और देख रहे हैं क्योंकि चीजें बदलती हैं। आखिर में यह नई इंडिया गठबंधन की सरकार होगी, लेकिन उन्हें कुछ दिनों के लिए रहने दीजिए। कभी-कभी सरकारें केवल एक दिन तक चलती हैं... कुछ भी हो सकता है, कौन जानता है कि यह सरकार 15 दिन भी चलेगी?"

कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके जैसे सहयोगियों के मजबूत प्रदर्शन की बदौलत इंडिया गठबंधन 232 लोकसभा सीटें जीतने में कामयाब रहा। तृणमूल संसद में चौथी सबसे बड़ी पार्टी है और शीर्ष पांच पार्टियों में से इंडिया गठबंधन की चार पार्टियां हैं। हालांकि गठबंधन बहुमत के लिए आवश्यक संख्या से बहुत कम है।

एनडीए सहयोगियों के भाजपा को समर्थन पत्र भी इंडिया गठबंधन के नेताओं को यह संकेत देने से नहीं रोक पाए हैं कि वे सरकार बना सकते हैं। यहां तक ​​कि कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को गठबंधन की बैठक के बाद कहा था कि इंडिया गठबंधन "भाजपा द्वारा शासित न होने की लोगों की इच्छा को साकार करने" के लिए उचित समय पर उचित कदम उठाएगा।

'शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे'

भाजपा पर अपना हमला जारी रखते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम सहित "क्रूर बल" का उपयोग करके पारित कानूनों को रद्द किया जाना चाहिए।

रविवार को शपथ ग्रहण समारोह को लेकर उन्होंने कहा, "हम उन्हें शुभकामनाएं नहीं दे सकते क्योंकि वे अवैध और अलोकतांत्रिक तरीके से सरकार बना रहे हैं। वे फिर से पार्टियों को तोड़ने की कोशिश करेंगे, लेकिन वे अंदर से टूट जाएंगे क्योंकि बहुत से लोग नाखुश हैं। हमें शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण नहीं मिला है और हम नहीं जाएंगे।''

चुनाव प्रक्रिया में बदलाव की मांग करेंगे: ममता बनर्जी

इंडिया गठबंधन के सभी सदस्‍यों को बैठक के लिए कोलकाता में आमंत्रित करते हुए बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 19 अप्रैल से 1 जून के बीच लोकसभा चुनाव के सात चरणों में से हर एक में मतदान हुआ। उन्‍होंने कहा, "चुनाव प्रक्रिया दो महीने नहीं चल सकती है। हम लोगों के हित में इस बदलाव की मांग करते हैं।"

तृणमूल कांग्रेस ने राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से 29 पर जीत हासिल की है, जबकि पिछली बार यह संख्‍या 22 थी। भाजपा की 2019 में 18 सीटें थीं, जो घटकर इस बार 12 हो गई हैं।

शनिवार की पार्टी बैठक में बनर्जी को तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष चुना गया। सुदीप बंद्योपाध्याय लोकसभा में पार्टी के नेता होंगे और काकोली घोष दस्तीदार उपनेता होंगी। राज्यसभा में पार्टी का नेतृत्व एक बार फिर डेरेक ओ ब्रायन करेंगे और पहली बार सांसद बनीं सागरिका घोष उपनेता होंगी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख