शिमला: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के टाहलीवाल की एक पटाखा फैक्ट्री में जबरदस्त ब्लास्ट हुआ है। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 से ज्यादा लोग झुलस गए हैं। इस हादसे में कई लोगों के जिंदा जलने की सूचना है। फिलहाल मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिसकर्मियों का दल राहत और बचाव कार्य में जुटा है।
जानकारी के मुताबिक, धमाका इतना जबरदस्त था कि आस-पास की फैक्ट्रियों के शीशे टूट गए। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों में 6 महिलाएं हैं और सभी फैक्ट्री में काम करती थीं। सभी घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की स्थिति गंभीर है। ये हादसा बाथू इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में हुआ है।
एक घायल महिला ने बताया कि विस्फोट के समय फैक्टरी में करीब 30 से 35 लोग काम कर रहे थे। अचानक जोरदार धमाके के बाद फैक्टरी में आग भड़क गई। हादसे में अब तक छह महिला कामगारों की मौत की पुष्टि हुई है। फैक्टरी में विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
डीएसपी हरोली अनिल पटियाल ने बताया कि मौके पर जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।