शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को मंत्रियों को विभाग आवंटित कर दिए हैं। फिलहाल जयराम के पास वित्त मंत्रालय, गृह, प्लानिंग, सामान्य प्रशासन जैसे विभाग रहेंगे। जिन विभागों का आवंटन नहीं हुआ है, उन्हें जयराम ठाकुर ने अपने पास ही रखा है। सरवीण चौधरी जोकि शाहपुर से विधायक हैं। उन्हें शहरी विकास, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के साथ हाउसिंग का कार्यभार सौंपा गया है। वे शाहपुर से चौथी बार जीत कर विधानसभा पहुंची हैं।
शिमला शहरी से जीते सुरेश भारद्वाज को शिक्षा, कानून व संसदीय मामले का विभाग दिया है। मंडी के विधायक अनिल शर्मा को ऊर्जा, बहुउद्देश्यीय प्रोजेक्ट विभाग आवंटित किया गया है। जसवां-परागपुर से जीते विक्रम सिंह को उद्योग, श्रम एवं रोजगार, तकनीकि शिक्षा के साथ साथ व्यवसायिक प्रशिक्षण विभाग दिया है। विक्रम सिंह पहली बार मंत्री बने हैं।
मनाली के विधायक गोविंद सिंह ठाकुर को वन मंत्रालय के साथ-साथ परिवहन और युवा सेवा खेल विभाग मिला है। जिला सोलन के कसौली से चुने गए राजीव सहजल के जिम्मे सामाजिक न्याय, पर्यावरण, कॉरपोरेशन विभाग आया है।
धर्मपुर के विधायक महेंद्र सिंह के जिम्मे सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य सहित होर्टिकल्चरल, सैनिक वेल्फेयर विभाग आए हैं। धर्मशाला से पांचवीं बार विधायक बने किशन कपूर को खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले का कार्यभार सौंपा गया है। सुलह से एमएलए बने विपिन परमार स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल शिक्षा आयुर्वेद और सांइस एंड टेक्नोलॉजी का जिम्मा संभालेंगे। वे पहली बार जयराम मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं।
इन सबके अलावा कुटलैहड़ के विधायक वीरेंद्र कंवर को ग्रामीण विकास व पंचायती राज, पशुपालन और मछली पालन विभाग दिया गया है। लाहुल से विधानसभा पहुंचे रामलाल मार्कंडेय के हवाले कृषि, जनजातीय विकास, सूचना और टेक्नॉलोजी विभाग आया है।