ताज़ा खबरें

संभल: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि दोनों चरणों के लिए हुए मतदान में यूपी की सभी 16 सीटें भाजपा के खाते में जा रही हैं। बसपा-सपा गठबंधन और कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलने वाली क्योंकि हम धर्म के नाम पर नहीं बल्कि काम के आधार पर वोट मांगते हैं। योगी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों ने बिना भेदभाव के लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। चुनाव आयोग द्वारा चुनाव प्रचार पर पाबंदी खत्म होने के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को संभल पहुंचे थे।

यहां कैला देवी मंदिर मैदान पर संभल से भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के एजेंडे के साथ पांच वर्ष में मोदी सरकार ने देश में अभूतपूर्व विकास किया है। पहली बार योजनाओं का आधार व्यक्ति, मत या मजहब नहीं बल्कि गांव, गरीब, किसान, नौजवान,महिलाएं रहीं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। कांग्रेस कौन सी राजनीति कर रही है। मायावती ने सहारनपुर में मुसलमानों से एकजुट होने को कहा था। हमने कभी जाति-मजहब के नाम पर वोट नहीं मांगा। हमने काम के आधार पर वोट मांगा है। मोदी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक से दुश्मन के घर में घुसकर आतंकी कैंपों को नष्ट किया है। सेना के शौर्य और पराक्रम का डंका दुनिया में बज रहा है। ऐसे में भाजपा को समर्थन मिलना ही चाहिए।

तीन दिन की बजरंगबली की पूजा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने ऊपर लगाए गए प्रतिबंध का जिक्र करना नहीं भूले। कहा कि जो लोग बजरंग बली की शक्ति से भयभीत हैं वे उनके बजरंग बली की जय बोलने पर भी पीछे पड़ गए। योगी ने कहा कि उनकी आस्था बजरंग बली में है, इसलिए आयोग ने तीन दिन का प्रतिबंध लगाया तो उन्होंने तीन दिन बजरंग बली की आराधना की। अब प्रतिबंध हटा तो फिर जनता के बीच आ गया।

बर्क और आजम पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में गठबंधन के प्रत्याशी डॉ.शफीकुर्रहमान और रामपुर से प्रत्याशी आजम खां पर संकेतों में निशाना साधा। बिना नाम लिए कहा कि वंदे मातरम से इनकार करने वाले, आंबेडकर की प्रतिमा पर माला पहनाने और कैला देवी मंदिर परिसर में जाने से इनकार करने वाले प्रत्याशी को आपका वोट पाने का अधिकार नहीं है। योगी ने आजम के लिए कहा कि संविधान के शिल्पी आंबेडकर का अपमान करने वाले के लिए आज मायावती वोट मांग रही हैं।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख