लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बलिया में पिछले हफ्ते हुए मर्डर केस को लेकर खूब राजनीति हो रही है। कांग्रेस इस मामले में जांच के खिलाफ कई बयान दे चुके भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेंद्र सिंह को लेकर लगातार हमलावर है, जिसके बाद भाजपा ने विधायक पर सख्ती दिखाई है। सूत्रों के हवाले से जानकारी है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को बलिया की घटना को लेकर फ़ोन किया था। नड्डा ने इस दौरान भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह के व्यवहार को लेकर चेतावनी देते हुए कड़ी आपत्ति की है।
सूत्रों ने जानकारी दी है कि जेपी नड्डा ने स्वतंत्र देव सिंह को विधायक सुरेंद्र सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिया है। नड्डा ने यहा भी कहा है कि बलिया घटना की जांच में वो किसी प्रकार का दखल देने की कोशिश ना करें, वर्ना पार्टी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
बता दें कि पिछले हफ्ते गुरुवार को बलिया के दुर्जनपुर गांव में दो पक्षों के बीच गोलियां चल गई थीं, जिसमें एक अधेड़ की मौत हो गई थी। गोली चलाने का मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह भाजपा कार्यकर्ता है और वो घटना के बाद फरार चल रहा था। रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।
हालांकि, मामले ने तब असली राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया, जब बलिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने आरोपी पक्ष के बचाव में बयान देने शुरू कर दिए और घेराव की धमकी देने लगे। आरोपी के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन और नारेबाजी की है। इनकी मांग है कि पीड़ित पक्ष के ऊपर भी मुकादमा दर्ज किया जाए क्योंकि उन्होंने भी मारपीट की थी। उनकी धमकी है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वो भाजपा छोड़ देंगे।