ताज़ा खबरें
'शर्मनाक है अमेरिका से प्रवासियों को बेड़ियों में बांधकर भेजना': ममता

नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। मृतकों में सबसे ज्यादा बिहार के 9 लोग और दिल्ली के 8 लोग शामिल हैं। मरने वालों में 14 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। हादसे में 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए सरकार ने मुआवजे का एलान कर दिया गया है। सरकार मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए का मुआवजा देगी। इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख का मुआवजा और मामूली रूप से घायल लोगों को 1 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया गया है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 13 और 14 पर शनिवार देर रात उस समय भगदड़ मच गई जब कथित तौर पर यात्रियों के बीच प्रयागराज जा रही दो ट्रेनों के रद्द होने की अफवाह फैल गई। इसके बाद रेलवे ने चार विशेष ट्रेनों की व्यवस्था कर प्लेटफॉर्म पर भीड़ का दबाव कम किया।

यह घटना सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है: राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस लीडर राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा है, 'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से कई लोगों की मृत्यु और कईयों के घायल होने की ख़बर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। यह घटना एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे। सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े।'

नीतीश कुमार ने किया मुआवजे का एलान

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ पर दुख जताया है। साथ ही मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये का मुआवजा देने का भी एलान किया है। बिहार सरकार घायलों को 50 हजार रुपये की मदद करेगी। सीएम नीतीश ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने जताया शोक

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दुख जताया है। उन्होंने लिखा, 'रेलवे स्टेशन पर लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ। मैं इस दुखद क्षति के लिए अपनी गंभीर संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

हरियाणा सीएम ने जताया शोक

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा है, 'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारजनों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।'

उत्तराखंड सीएम की शोक संवेदना

उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा है, 'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारजनों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।'

एलएनजेपी हॉस्पिटल वर्कर नेबताया- यहां 15 डेड बॉडी लाई गई

दिल्ली के एलएनजेपी हॉस्पिटल की एक कर्मचारी गीता ने बताया, '10 से 10.30 बजे यहां 15 डेड बॉडी लाई गई। 10 से 12 घायल थे। इसमें तीन बच्चों की लाशें भी थी।'

'15 लाशें हमने खुद उठाई': कुली

घटना स्थल पर मौजूद एक कुली ने बताया, 'प्रयागराज जाने वाली ट्रेन को 12 नंबर प्लेटफॉर्म से 16 नंबर पर कर दिया तो लोग 16 नंबर प्लेटफॉर्म पर भागने लगे। ऐसे में पुल और एस्केलेटर पर लोग फंस गए। हमनें खुद ने 15 लाशें लोड की हैं। प्रशासन के बहुत कम लोग थे। प्रशासन ने आग समझ कर आग के लिए दमकल गाड़ियां भेज दी।'

'इतने लोग कभी नहीं देखे': प्रत्यक्षदर्शी 

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, 'पब्लिक इतनी बढ़ गई थी कि पुलिस कंट्रोल ही नहीं कर पा रही थी। प्लेटफॉर्म तो खाली थे, जितनी भी भीड़ थी वो पूल पर ही थी। वहीं पर भगदड़ हुई। ट्रेनें जहां आनी थी, वहीं आई। प्लेटफॉर्म चेंज का अनाउंसमेंट नहीं हुआ। मुझे 26 साल हो गए, आज तक इतनी भीड़ नहीं देखी।'

रेलवे ने उच्च स्तरीय जांच का दिया आदेश 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रेलवे ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे ने बताया कि घटना रात 9.30 बजे के आसपास की है। दोनों प्लेटफॉर्म पर भीड़ काफी अधिक थी, जिस कारण कुछ लोग बेहोश हो गए। इसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

एक यात्री अमरिंदर कुमार ने बताया, "महाकुंभ में जाने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज्यादा थी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उनकी भीड़ लग गई। अधिक भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन ने बहुत प्रयास किया, जिसके बाद भीड़ हट गई।"

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार, आरपीएफ के महानिदेशक और संबंधित अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन करने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। रेलवे ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। रेलवे काफी विशेष ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया है, लेकिन भीड़ को देखते हुए वह भी नाकाफी साबित हो रहा है।

मृतकों की एक सूची सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि मरने वाले लोगों के क्या नाम हैं और वह कहां के रहने वाले थे। इस सूची को 'आजतक' ने जारी किया है।

मृतकों के क्या नाम हैं और कहां के रहने वाले थे?

आहा देवी (79 वर्ष) पत्नी रविन्दी नाथ निवासी बक्सर, बिहार

पिंकी देवी (41 वर्ष) पत्नी उपेन्द्र शर्मा निवासी संगम विहार, दिल्ली

शीला देवी (50 वर्ष) पत्नी उमेश गिरी निवासी सरिता विहार, दिल्ली

व्योम (25 वर्ष) पुत्र धर्मवीर निवासी बवाना, दिल्ली

पूनम देवी (40 वर्ष) पत्नी मेघनाथ निवासी सारण, बिहार

ललिता देवी (35 वर्ष) पत्नी संतोष निवासी परना, बिहार

सुरुचि पुत्री (11 वर्ष) मनोज शाह निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार

कृष्णा देवी (40 वर्ष) पत्नी विजय शाह निवासी समस्तीपुर, बिहार

विजय साह (15 वर्ष) पुत्र राम सरूप साह निवासी समस्तीपुर, बिहार

नीरज (12 वर्ष) पुत्र इंद्रजीत पासवान निवासी वैशाली, बिहार

शांति देवी (40 वर्ष) पत्नी राज कुमार मांझी निवासी नवादा, बिहार

पूजा कुमार (8 वर्ष) पुत्री राज कुमार मांझी निवासी नवादा, बिहार

संगीता मलिक (34 वर्ष) पत्नी मोहित मलिक निवासी भिवानी, हरियाणा

पूनम (34 वर्ष) पत्नी वीरेंद्र सिंह निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली

ममता झा (40 वर्ष) पत्नी विपिन झा निवासी नांगलोई, दिल्ली

रिया सिंह (7 वर्ष) पुत्री ओपिल सिंह निवासी सागरपुर, दिल्ली

बेबी कुमारी (24 वर्ष) पुत्री प्रभु साह निवासी बिजवासन, दिल्ली

मनोज (47 वर्ष) पुत्र पंचदेव कुशवाह निवासी नांगलोई, दिल्ली

 

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख