नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): कानून मंत्रालय की ओर से नये मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के चयन के लिए 17 फरवरी 2025 को तीन सदस्यीय कमेटी की बैठक बुलाई गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चयन कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। मौजूदा सीईसी राजीव कुमार का कार्यकाल 18 फरवरी को खत्म हो रहा है।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की अध्यक्षता में एक खोज समिति का गठन किया गया था, जिसमें दो सदस्यों के रूप में वित्त विभाग के सचिव और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के सचिव शामिल थे। अब तक सबसे वरिष्ठ निर्वाचन आयुक्त को सीईसी के सेवानिवृत्त होने के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में पदोन्नत किया जाता था। हालांकि, पिछले साल सीईसी और निर्वाचन आयुक्तों (ईसी) की नियुक्तियों को लेकर एक नया कानून लागू होने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव आया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त (नियुक्ति, सेवा शर्तें और कार्यालय की अवधि) अधिनियम, 2023 के प्रावधानों को पहली बार सीईसी की नियुक्ति के लिए लागू किया जा रहा है।
राजीव कुमार को मई 2022 में मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व में चुनाव आयोग ने 2024 में दुनिया का सबसे बड़े लोकतंत्र में आम चुनाव को सफलता पूर्वक कराया। इसके अलावा चाहें जम्मू-कश्मीर में एक दशक से अधिक समय बाद विधानसभा चुनाव हों या महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और दिल्ली में विधानसभा चुनाव कराए।
बताया था रिटायरमेंट प्लान
साल 2023 में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की देखरेख में कर्नाटक, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और राजस्थान में चुनाव कराए गए थे। जनवरी 2025 में दिल्ली चुनाव की तारीखों की घोषणा करते हुए राजीव कुमार ने अपने रिटायरमेंट प्लान के बारे में बताया था। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि 13-14 सालों से काम के चलते उन्हें समय नहीं मिल पाया। अब वह रिटायर होने के बाद चार-पांच महीनों के लिए हिमालय में जाएंगे और वहां खुद को डी-डॉक्सिफाई करने के लिए एकांतवास का जीवन जीते हुए मेडिटेशन करेंगे।