लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के पिता प्रभु दयाल का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मायावती के पिता प्रभु दयाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मायावती से फोन पर वार्ता कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मायावती तथा उनके शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के पिता प्रभु दयाल का 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में होगा। बसपा के समस्त कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों की ओर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोक संतृप्त परिवार को इस क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।
मायावती के पिता प्रभु दयाल के निधन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी शोक संवेदनाएं प्रकट कीं।