लखनऊ: यूपी बोर्ड के 10वीं व 12वीं के नतीजे घोषित हो गए हैं। इसकी घोषणा उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने लोकभवन में प्रेस कांफ्रेंस कर की। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि इस बार 10वीं व 12वीं की परीक्षा में कुल 51,30,481 परीक्षार्थी शामिल हुए। जिसमें 10वीं में 27,44,976 परीक्षार्थी व 12 में 23,85, 505 परीक्षार्थी शामिल रहे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस परीक्षा परिणाम अच्छे रहे। वहीं, यूपी सरकार ने टॉपर्स को तोहफा दिया है। टॉपर्स को लैपटॉप दिया जाएगा। इसके अलावा एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। 20 टॉपर्स के घर तक पक्की सडक बनाई जाएगी।
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि इस बार भी छात्राओं ने बाजी मारी है। बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत बालकों से अधिक है। 10वीं क्लास में 23 लाख 982 छात्र पास हुए हैं। 10वीं क्लास में 83.3 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। इंटर में कुल 18 लाख 54 हजार 99 छात्र पास हुए हैं। दसवीं में 83.31% रिजल्ट रहा। इसमें लड़कों का रिजल्ट 79.88% और लड़कियों का रिजल्ट 87.29% रहा है।
हाईस्कूल में रिया जैन और भारत भूषण ने टॉप किया है। दोनों ने 96.67 अंक प्राप्त किए हैं। दोनों बागपत जिले के बडौत के रहने वाले हैं।
दसवीं में इस साल बड़ौत-बागपत की रिया जैन ने टॉप किया है। रिया ने 96.67 फीसदी नंबरों के साथ टॉप किया है। दसवीं में दूसरा स्थान अभिमन्यु वर्मा का रहा है। उन्होंने 95.83 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है। वो साई इंटर कॉलेज बाराबंकी के विद्यार्थी हैं। वहीं, तीसरा स्थान योगेश प्रताप सिंह और राजेंद्र प्रताप सिंह का रहा। इन दोनों ही विद्यार्थियों ने 95.33 फीसदी अंकों के साथ हाईस्कूल की परीक्षा में टॉप किया है। योगेश प्रताप सदभावना इंटर कॉलेज बाराबंकी के विद्यार्थी हैं।
पिछले साल बोर्ड ने दसवीं कक्षा का रिजल्ट 27 अप्रैल को ही जारी कर दिया था। इस बार कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति को देखते हुए रिजल्ट जारी होने में देरी हुई है। पिछले साल दसवीं कक्षा का रिजल्ट 80.07 फीसदी रहा था।
इंटरमीडिएट (12वीं) में बड़ौत-बागपत के अनुराग मलिक ने 97% मार्क्स के साथ टॉप किया है। दूसरे स्थान पर 96% अंक पाकर प्रयागराज की प्रांजल सिंह रही हैं। जबकि तीसरे स्थान पर औरैया के उत्कर्ष शुक्ला ने 94.80% अंक पाए हैं।