लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था अंतिम सांस ले रही है। बेरोजगारी से परेशान और हताश लोग आत्महत्या कर रहे हैं। नौजवान ठगा महसूस कर रहे हैं। जनता किससे राहत की उम्मीद करे। कोरोना संकट से तो जिंदगी ऐसे ही बेपटरी हो चली है। ऊपर से सरकार की गलत नीतियों के चलते कामकाज, पढ़ाई, व्यापार के सभी रास्ते अवरुद्ध है।
अखिलेश ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा है कि औरैया के दिबियापुर में जिला जज की गाड़ी पर बदमाशों ने हमलाकर दिया। प्रदेश में जब न्यायाधीश सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या हाल होगा? प्रदेश की भाजपा सरकार से युवाओं को नाउम्मीदी के अलावा और कुछ नहीं मिला। सन् 2017 से सन् 2020 तक एक भी नौकरी में भर्ती नहीं हुई। हर नौकरी भ्रष्टाचार की शिकायतों से भरी रही।
अखिलेश ने लेह-लद्दाख के पत्रकारों से बात की
अखिलेश ने गलवान घाटी की स्थिति के बारे में लेह-लद्दाख के कुछ पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह गौरव की बात है कि भारतीय फौज का हौसला बढ़ा हुआ है। भारतीय जवानों के साथ सारा देश है। जवानों के साथ किसान भी खड़े हैं। स्थानीय गाइड से भी बात की।
उन्होंने कहा कि भारत को दीर्घकालिक रणनीति बनानी चाहिए। भारतीय बाजार की चीन पर निर्भरता धीरे-धीरे समाप्त करने की योजना पर काम करना चाहिए। सीमाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है। देश के सामने सच्चाई आनी चाहिए।