फर्रुखाबाद: सपा के पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि अगर मैं चाहता तो मुख्ममंत्री बन सकता था। विधायक भी मेरे साथ थे। लेकिन नेताजी (मुलायम सिंह यादव )के निर्देश का पालन करता चला आ रहा हूं। मैंने गलत कामों का विरोध किया तो मुझे मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार तभी बनेगी जब सभी लोग एक होंगे । शमसाबाद ब्लॉक के गांव मिल्क सुल्तान में अनोखेलाल यादव की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव का दर्द छलक आया। उन्होंने बगैर नाम लिए अखिलेश यादव पर निशाना साधा कि जो लोग अपने माता-पिता और पूर्वजों का सम्मान नहीं करते, समाज में उनकी भी इज्जत नहीं होती। ऐसे लोग तरक्की नहीं कर पाते। वह बोले, सरकार तभी बनेगी जब सभी लोग एक होंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में हार हुई है, क्योंकि सपा सरकार में कुछ लोग गलत कामों में लिप्त थे। मैने आवाज उठाई तो मुझे मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया। मेरा झगड़ा अखिलेश यादव से नहीं था। पार्टी की बदनामी हो रही थी तो मैंने आवाज उठाई। इटावा की जसवंतनगर सीट से विधायक शिवपाल बोले, पार्टी में कुछ लोग चापलूस और चुगलखोर हैं। जब सरकार बन रही थी तब विधायक मेरे साथ थे। अगर मैं चाहता तो मुख्यमंत्री बन सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। नेताजी की पार्टी है। मैं उन्हीं के आदेश का पालन करता चला आ रहा हूं।
अखिलेश का नाम लिए बगैर तंज कसा, जो लोग मेहनत करते हैं, उन्हें फल मिलता है। कुछ लोग ऐसे होते हैं जो बगैर मेहनत के फल पा जाते हैं। कुछ लोग ऐसे होते हैं जो पूरी जिंदगी मेहनत करते हुए दुनिया से चले जाते हैं और फल नहीं मिल पाता। यहां पर पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव, उर्मिला राजपूत, सचिन यादव, प्रदीप यादव, चंद्रपाल सिंह यादव, ब्लॉक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी, मेजर एसडी कॉलेज के चेयरमैन डॉक्टर जितेंद्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे। शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वास गुप्ता के आवास पर पत्रकार वार्ता में बताया कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाने के लिए वह हर जिले का भ्रमण कर रहे हैं। सपा के उपेक्षित कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे हैं। दो माह से वह भ्रमण पर हैं। उन्होंने कहा कि चापलूसों और चुगलखोरों ने मुझे चुनाव हराने के लिए खूब पैसा खर्च किया। मुझे हरा नहीं सके, क्योंकि मेरे साथ जनता का आशीर्वाद था। उन्होंने परिवार के वरिष्ठ नेताओं पर भी निशाना साधा। हालांकि किसी का नाम नहीं लिया। वह बोले कि पार्टी में जब बिखराव हुआ तो अखिलेश यादव को अपना पद गंवाना पड़ा। अखिलेश के लिए बोले, जो बेटा अपने पिता का नहीं हो सका वह मेरा क्या होगा। भाजपा सरकार पर निशाना साधा कि थानों में झूठे मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। पीड़ितों की सुनवाई नहीं हो रही है। इसको लेकर वह मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। इस सरकार में अन्याय शुरू हो गया है। इसके खिलाफ लड़ना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाने की तैयारी है। इसको लेकर काम शुरू कर दिया है। पूर्वांचल में भी भ्रमण करना है। नेता जी से इस बारे में बात हो चुकी है। पूर्व मंत्री शिवपाल के जिले में कई कार्यक्रम निर्धारित किए गए थे। एक भी कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समर्थक नहीं दिखाई दिए। इससे गुटबाजी और सामने आ गई। जब शिवपाल यादव को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था तो उन्होंने विश्वास गुप्ता को जिलाध्यक्ष बनाया था। इसके बाद विश्वास को हटाकर नदीम फारुकी को प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष बनवाया था। शुक्रवार को शहर और देहात क्षेत्र में शिवपाल यादव के कार्यक्रम लगे थे लेकिन यहां पर न तो सपा जिलाध्यक्ष दिखाई दिए न ही अखिलेश गुट के एक भी नेता व कार्यकर्ता।