ताज़ा खबरें
सिविल जज भर्ती के लिए न्यूनतम तीन साल की प्रैक्टिस का नियम बहाल
गुजरात के मंत्री का दूसरा बेटा भी मनरेगा घोटाला मामले में गिरफ्तार
अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी मिले शहीद का दर्जा: तेजस्वी यादव

लखनऊ: एनआईए अधिकारी तंज़ील अहमद की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी माने जा रहे मुनीर पर पुलिस ने 50,000 रुपये का ईनाम रखा है। पहले ईनामी राशि 5,000 रुपये रखी गई थी जिसे बाद में बढ़ाकर 50,000 रुपये कर दिया। हत्या का आरोपी मुनीर, तंज़ील अहमद के गांव का ही रहनेवाला है। बताया जा रहा है कि उसका तंज़ील अहमद के साथ प्रॉपर्टी विवाद चल रहा था। तंजील अहमद को पिछले शनिवार की रात बिजनौर के एक गांव में गोली मार दी गयी थी। पुलिस ने इस सिलसिले में करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। तंजील अपनी भांजी की शादी से लौट रहे थे कि तभी दो अनजान लड़कों ने उनकी वैगन आर कार रुकवाई। इसके बाद उन्होंने तंज़ील अहमद पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हमले में तंजील अहमद की पत्नी फरजाना घायल हो गईं। कार में पीछे बैठी सोलह साल की बेटी और बारह साल का बेटा बाल-बाल बच गए।

बलिया: बहुजन समाज पार्टी दहेज हत्या के मामले में गिरफ्तार अपने राज्यसभा सदस्य नरेन्द्र कश्यप के खिलाफ फौरन कोई कार्रवाई नहीं करेगी। बसपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राम अचल राजभर ने आज (शुक्रवार) यहां संवाददाताओं से बातचीत में एक सवाल पर कहा कि पार्टी दहेज की खातिर अपनी बहू हिमांशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किये गये अपने राज्यसभा सदस्य कश्यप के खिलाफ न्यायालय से फैसला आने के बाद ही कार्रवाई पर कोई निर्णय लेगी। राजभर ने कहा कि कश्यप पर अभी सिर्फ आरोप लगा है। इल्जाम तो किसी पर भी लगाया जा सकता है। कार्रवाई तो जांच-पड़ताल के बाद ही होनी चाहिये। मालूम हो कि बसपा के राज्यसभा सदस्य नरेन्द्र कश्यप की बहू हिमांशी का शव बुधवार को गाजियाबाद स्थित मकान के बाथरूम में पाया गया था। दहेज हत्या के आरोप में नरेन्द्र, उनकी पत्नी तथा बेटे को गिरफ्तार किया गया है। बसपा नेता ने प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में असदउद्दीन ओवैसी की आल इण्डिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन के साथ गठबन्धन की सम्भावना से इनकार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी कार्यकर्ताओं के बलबूते सोशल इंजीनियरिंग के जरिये सर्वसमाज का सहारा लेकर अकेले चुनाव लड़ेगी।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को लेकर लंबे समय से चल रहा सस्पेंस आज (शुक्रवार) तब खत्म हो गया भाजपा हाईकमान ने इलाहबाद के फूलपुर से सांसद केशव प्रसाद मौर्या को नया प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। मौर्य भाजपा विधायक लक्ष्मीकांत बाजपेयी की जगह लेंगे। पार्टी ने तय किया है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव केशव प्रसाद मौर्या के नेतृत्व में ही लड़ेगी। केशव प्रसाद मौर्या का हालांकि कोई खास राजनीतिक अनुभव नहीं रहा है। वे काफी समय से आरएसएस और विश्व हिन्दू परिषद से जुड़े रहे हैं। मौर्या विहिप के पूर्णकालिक सदस्य भी रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि आरएसएस विधानसभा चुनावों में भाजपा के लिए जमीन तैयार कर रही है। भाजपा हाईकमान ने मौर्या को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर एक तो पिछड़ी जाति के वोट बैंक में सेंध लगाकर सोशल इंजीनियरिंग को मजबूत करेगी वहीं, दूसरी तरफ उनके नाम को आगे लाकर पार्टी में गुटबाजी को ख़त्म करने का प्रयास भी किया गया है। मौर्या भाजपा के हार्डलाइनर नेताओं में से एक माने जाते हैं और उन्हें हमेशा विहिप और आरएसएस का समर्थन मिलता रहा है। पहली बार लोकसभा का चुनाव जीते मौर्या इलाहबाद में 2011 में हुई मोहम्मद गौस की हत्या में आरोपी भी हैं और केस अभी भी विचाराधीन है।

गाजियाबाद: बसपा के सांसद नरेंद्र कश्यप, उनकी पत्नी और पुत्र को उनकी बहू की संदिग्‍ध मौत के सिलसिले में गुरुवार को यहां दहेज निरोधक कानून के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। राज्यसभा सदस्य कश्यप और उनकी पत्नी देवेन्द्री को कविनगर पुलिस ने यशोदा अस्पताल के आईसीसीयू वार्ड से गिरफ्तार किया जहां वह दोनों छह अप्रैल को सीने में दर्द की शिकायत के बाद भर्ती कराए गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनके पुत्र सागर को भी गिरफ्तार किया गया है। सागर मृतक हिमांशी का पति है। पुलिस ने दहेज के कारण मौत के मामले में तीनों की प्रथम दृष्टया संलिप्तता पाए जाने के बाद कश्यप, देवेन्द्री और सागर को गिरफ्तार किया है। कविनगर थाना के प्रभारी अशोक सिसोदिया ने बताया कि सांसद और उनकी पत्नी के स्वास्थ्य की जांच कर यह पता लगाने के लिए सरकारी डॉक्टरों का एक दल गठित किया गया कि क्या कश्यप और उनकी पत्नी को सचमुच इलाज की जरूरत है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख